
ग्राहक बनकर व्यापारी से की 90 हजार की ठगी
Amroha News - नगर निवासी व्यापारी अजय वर्मा के साथ एक युवक ने ग्राहक बनकर 90 हजार रुपये की ठगी कर दी। युवक ने अंगूठी बेचने का बहाना बनाकर अजय का मोबाइल लिया और उसके बाद बैंक से पैसे निकाल लिए। अजय ने तुरंत साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
नगर निवासी एक व्यापारी के साथ युवक ने ग्राहक बनकर 90 हजार रुपये की ठगी कर दी। पीड़ित व्यापारी ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, नगर के चामुंडा मार्ग निवासी अजय वर्मा नगर के मेन बाजार में सोने-चांदी की दुकान करते हैं। अजय का कहना है कि सोमवार को प्रतिदिन की तरह वह अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवक उनकी दुकान पर आया और सोने की अंगूठी बेचने की बात कहने लगा। इसी बीच युवक द्वारा अजय वर्मा से उनका मोबाइल मांगा गया और कहा कि उसकी पत्नी ससुराल गई हुई है इसलिए वह अंगूठी बेचने के विषय में उससे बात करना चाहता है।
उसने कहा कि मेरा मोबाइल खराब हो गया है। अजय वर्मा ने अपना मोबाइल उसे दे दिया। इसके बाद युवक बिना अंगूठी बेचे बहाना बनाकर चला गया। अजय वर्मा को शक हुआ तो उन्होंने फौरन अपना बैलेंस चेक किया। उनके बैंक खाते से 90 हजार रुपये कटे हुए थे। बैंक का बैलेंस मैसेज एक घंटे बाद आया। 90 हजार रुपये की साइबर ठगी की जानकारी होते ही अजय वर्मा के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना साइबर क्राइम सेल को दी। प्रभारी निरीक्षक अपराध अमरपाल सिंह ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




