Amroha News: अमरोहा में पुलिस चौकी के पास मीट दुकानदार की सिर में तमंचा सटा गोली मारकर हत्या
Amroha News: शहर में एक मीट दुकानदार अफ्फान कुरैशी की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सीएए-एनआरसी हिंसा के मामलों का आरोपी था। घटना के समय वह अपने दोस्त के साथ बातचीत कर रहा था, तभी युवकों ने पीछे से आकर उसे गोली मारी। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Amroha News: शहर में मंगलवार देर रात जट बाजार पुलिस चौकी के पास सीएए-एनआरसी हिंसा समेत आधा दर्जन मुकदमों में आरोपी 25 वर्षीय मीट दुकानदार अफ्फान कुरैशी की पीछे से सिर से तमंचा सटाने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। 11:00 बजे अंजाम दी गई वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। गोली की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ अफ्फान को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी-एएसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से रंजिश की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसाईखाना में स्व.इरफान कुरैशी का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी हुस्न बानो के अलावा पांच बेटियां और दो बेटे फैजान और अफ्फान था। सबसे छोटे बेटे अफ्फान की मोहल्ले में ही मीट की दुकान थी। सीएए-एनआरसी हिंसा व पशु क्रूरता समेत आधा दर्जन मुकदमों में आरोपी अफ्फान मंगलवार रात शहर के मोहल्ला कटरा बख्तावर सिंह में रहने वाले अपने दोस्त शहबाज के साथ मोहल्ला जट बाजार गया था। बताया जा रहा है कि रात लगभग 11:30 बजे दोनों जट बाजार पुलिस चौकी की दीवार से सटकर गुजर रही गली में खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान आए युवकों ने पीछे से अफ्फान के सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए वहीं शहबाज भी मौके से भाग गया। एकाएक ही चली गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अफ्फान को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी लखन सिंह यादव और एएसपी अखिलेश भदौरिया भी जिला अस्पताल पहुंच गए। फील्ड यूनिट को घटनास्थल पर दौड़ाते हुए परिजनों से रंजिश से जुड़ी जानकारी ली। एसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल की जांच करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। हत्याकांड का जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। मृतक अफ्फान कुरैशी के खिलाफ सीएए-एनआरसी हिंसा समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज थे। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।


