अभिषेक हत्याकांड : फरार दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का ईनाम

अभिषेक हत्याकांड : फरार दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का ईनाम

संक्षेप:

Amroha News - -परिजनों की ओर से बढ़ते दबाव और मुख्यमंत्री से शिकायत की चेतवानी के बीच एसपी

Oct 23, 2025 11:43 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share

अभिषेक हत्याकांड में फरार हत्यारोपी मनोज व गुड्डू की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित किया गया है। परिजनों की ओर से गिरफ्तारी को लेकर लगातार बढ़ रहे दबाव और मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत की चेतावनी के बीच एसपी अमित कुमार आनंद ने बुधवार रात दोनों पर ईनाम घोषित किया है। फरार दोनों हत्यारोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है जबकि पुलिस मामले में हत्यारोपी अनुज व हरविंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीन दिन पूर्व देहात थाने के बाहर जाम लगाकर इंस्पेक्टर का घेराव करने वाले अभिषेक के परिजनों ने बुधवार दोपहर एसपी कार्यालय पर भी विरोध-प्रदर्शन किया था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

गौरतलब है कि अभिषेक हत्याकांड 12 अक्तूबर की रात में अंजाम दिया गया था। नगर पालिका अमरोहा में ठेकेदारी करने वाले निरंजन सिंह ने अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव मुनव्वरपुर निवासी समरपाल सिंह चौहान के कांठ मार्ग स्थित फार्म हाउस पर एक एक दावत रखी थी। जिसमें वार्ड 12 के करीब 200 से 250 लोगों को बुलाया गया। एक जनप्रतिनिधि के बेटे के इशारे पर रखी गई दावत में शराब पार्टी भी चली थी। जिसमें गांव हाशमपुर निवासी किसान अभिषेक सिंह उर्फ भूरे भी आए थे। उनके गांव का ही अनुज भी साथियों के साथ वहां मौजूद था। अभिषेक व अनुज के बीच करीब नौ साल पुरानी रंजिश थी। इस बीच अभिषेक ने अनुज पर तंज करते हुए पूर्व में हुई घटना को लेकर कटाक्ष किया था। कहा था कि तुम लोग पहले भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाए, आगे भी कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। जिसे लेकर हुए विवाद में अनुज ने हरविंद्र व मनोज के साथ योजना बनाकर अभिषेक की दावत में ही सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना अंजाम देकर आरोपी भाग निकले थे। मामले में मृतक अभिषेक के भाई ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। साथ ही अनुज और मनोज पर पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने का शक जताया था। बाद में पुलिस ने आरोपी अनुज और हरविंद्र को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। अभिषेक के परिजनों का आरोप है कि देहात थाना पुलिस को छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई थी लेकिन पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है जबकि दो आरोपियों को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस हत्या करने के षड्यंत्र में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उनका आरोप है कि पुलिस ने हत्यारोपियों से सांठगांठ कर ली है, उन्हें बचा रही है। वहीं, परिजनों ने सात नवंबर को लखनऊ पहुंच शिकायत मुख्यमंत्री दरबार में करने की चेतावनी भी दी थी।एसपी ने बताया कि हत्याकांड में फरार चल रहे मनोज पुत्र नेमपाल व गुड्डू पुत्र धर्मपाल की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया है। गिरफ्तारी करने या कराने में सहयोग देने वाले या छिपे होने के ठिकाने की सटीक सूचना देने वाले को 25-25 हजार रुपये की धनराशि से पुरस्कृत किया जाएगा।