
योगी मंत्रिमंडल विस्तार से पहले अमित शाह का आज लखनऊ दौरा, चुनिंदा नेताओं से मिलेंगे
गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ आ रहे हैं। वह प्रेरणा स्थल पर यूपी दिवस समारोह का शुभारंभ करने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में चुनिंदा नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को योगी मंत्रिमंडल के प्रस्तावित विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
भारतीय राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बड़े बदलावों की चर्चाएं जोरों पर हैं। उनके इस दौरे को प्रदेश की आगामी राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
क्या है आज का पूरा कार्यक्रम?
तय कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह दोपहर लगभग 12 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे हेलीकॉप्टर द्वारा 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल' के लिए रवाना होंगे। वहां यूपी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी भी मौजूद रहेंगे। यहां से करीब तीन बजे अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। भाजपा कार्यालय में उनका स्वागत नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे।
नए प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल में पहला दौरा
पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अमित शाह का यह पहला लखनऊ दौरा है। जानकारों का मानना है कि शाह संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के लिए नए नेतृत्व को विशेष मंत्र दे सकते हैं। प्रदेश कार्यालय में वे पार्टी के 'चुनिंदा' वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश के संगठनात्मक ढांचे, प्रस्तावित योगी मंत्रिमंडल के विस्तार और 2027 के मिशन पर गहन मंथन होने की संभावना है।
मंत्रिमंडल विस्तार और सियासी नब्ज टटोलना
गृह मंत्री के इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 'चुनिंदा पार्टीजनों' से मुलाकात है। सूत्रों का कहना है कि अमित शाह प्रदेश की मौजूदा सियासी नब्ज टटोलने आ रहे हैं। योगी मंत्रिमंडल में होने वाले संभावित विस्तार को लेकर वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ नामों पर अंतिम मुहर लगा सकते हैं। इसके अलावा, हाल के दिनों में विपक्ष द्वारा उठाए गए जातीय जनगणना और अन्य मुद्दों के जवाब में भाजपा की रणनीति क्या होगी, इस पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
दिल्ली लौटने से पहले देंगे बड़ा संदेश
अमित शाह शाम को लखनऊ से वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। मात्र कुछ घंटों के इस प्रवास में वे यूपी भाजपा के असंतुष्ट स्वरों को शांत करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का प्रयास करेंगे।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



