यूपी में भीषण सर्दी के बीच घना कोहरा, हादसों में आठ लोगों की मौत, 50 शहरों को लेकर भी अलर्ट

Jan 17, 2026 09:32 pm ISTDinesh Rathour लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
share Share
Follow Us on

बीते 24 घंटों में बाराबंकी, हरदोई, मुजफ्फरनगर, लखनऊ बेहद सर्द रहे।सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 153.5 पर शुक्रवार देर रात घने कोहरे में बेकाबू ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी।

यूपी में भीषण सर्दी के बीच घना कोहरा, हादसों में आठ लोगों की मौत, 50 शहरों को लेकर भी अलर्ट

यूपी में कड़ाके की सर्दी के बीच शनिवार को कोहरे ने 13 शहरों में रफ्तार रोक दी। इस बीच घने कोहरे के कारण कई जिलों में सड़क हादसे हुए जिसमें आठ लोगों की जान चली गई और 81 लोग घायल हो गए। बीते 24 घंटों में बाराबंकी, हरदोई, मुजफ्फरनगर, लखनऊ बेहद सर्द रहे।सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 153.5 पर शुक्रवार देर रात घने कोहरे में बेकाबू ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में रायबरेली निवासी पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। सीतापुर में पांच अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और नौलोग घायल हो गए।

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार सुबह घने कोहरे के चलते अलग-अलग हादसों में नौ गाड़ियां टकरा गईं। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दस से ज्यादा लोग घायल हो गए। मुरादाबाद मंडल में शनिवार सुबह घने कोहरे में शून्य दृश्यता के कारण अलग-अलग हुए हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मुजफफरनगर में नेशनल हाईवे पर पांच हादसे होने से कोहराम मच गया। हाईवे पर वाहनों के पलटने से कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कोहरे में बाइक डिवाइडर से टकराने से एक युवक की मौत हो गयी जबकि चार लोग घायल हो गए। उधर सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में घने कोहरे में साइकिल सवार सगे भाइयों को बचाने में एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में साइकिल सवारों समेत समेत 21 बच्चे घायल हो गए।

पांच शहरों में ठिठुरा देने वाली रात

प्रदेश में पांच शहर ऐसे रहे जहां कड़ाके की ठंड दर्ज की गई और पारा 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। बाराबंकी में सबसे सर्द रात रही जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरदोई में 3.6, बरेली में 4.2, मुजफ्फरनगर और लखनऊ में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अयोध्या और नजीबाबाद में पारा 4.5 रिकॉर्ड हुआ। दिन के तापमान (अधिकतम) में भारी गिरावट के कारण लोग दोपहर में भी गलन महसूस कर रहे हैं। शनिवार को बरेली में सबसे कम 16.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। हरदोई में 17.0, अलीगढ़ में 18.2, अयोध्या और बुलंदशहर में दिन का पारा 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कोहरे और शीत दिवस का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ और बरेली सहित लगभग 50 जिलों में विजिबिलिटी बहुत कम रहने की संभावना है। बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और हरदोई समेत तराई बेल्ट के जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी।

इन जिलों में घने कोहरे से पड़ा असर

सुबह उत्तर प्रदेश में कोहरे की स्थिति अत्यंत गंभीर रही। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 13 प्रमुख केंद्रों पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई। इनमें आगरा एयरफोर्स स्टेशन, मुरादाबाद, अलीगढ़, सरसावा, हिंडन, बरेली एयरफोर्स, प्रयागराज एयरफोर्स, गोरखपुर एयरफोर्स, फुरसतगंज, कानपुर एयरफोर्स, आजमगढ़, वाराणसी एयरपोर्ट और बाराबंकी शामिल हैं। अत्यंत घने कोहरे की श्रेणी में मेरठ, कानपुर सिटी और प्रयागराज में दृश्यता मात्र 10 मीटर रही। वहीं बरेली और बलिया में 20 मीटर, अलीगढ़ में 25 मीटर, आगरा ताज और हरदोई में 30 मीटर तथा शाहजहांपुर व फतेहगढ़ में दृश्यता 40 मीटर रिकॉर्ड की गई। राजधानी लखनऊ में दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। इसके अलावा इटावा, मुजफ्फरनगर और हमीरपुर में भी दृश्यता 50 मीटर रही। अयोध्या में 75 मीटर जबकि नजीबाबाद में 100 मीटर की दृश्यता रही। वाराणसी बीएचयू और लखीमपुर खीरी में स्थिति थोड़ी बेहतर रही, जहां दृश्यता 600 मीटर दर्ज की गई।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |