
युवाओं का नाम मतदाता सूची में अवश्य जोड़ें: एसडीएम
Ambedkar-nagar News - देवरिया में मतदाता सूची के शुद्धीकरण और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए एक बैठक आयोजित की गई। एसडीएम ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे 2026 में 18 वर्ष के होने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने में मदद करें। सभी प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों ने सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
देवरिया बाजार, संवाददाता। मतदाता सूची के शुद्धीकरण और नए मतदाताओं को जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार की शाम आलापुर तहसील के बसुधा सिंह सभागार में महाविद्यालयों व आईटीआई के प्रधानाचार्यों तथा कोऑर्डिनेटरों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सुभाष सिंह धामी और संचालन तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने की। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में अवश्य जोड़ा जाए। इसके लिए शिक्षण संस्थानों की भूमिका अहम है। प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से अपील की गई कि वे विद्यार्थियों को जागरूक कर फार्म-6 भरवाने में सक्रिय सहयोग करें और भरे हुए आवेदन समय से तहसील कार्यालय में जमा कराएं।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अपेक्षा जताई कि वे अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान की शीघ्र ही समीक्षा की जाएगी, इसलिए सभी संस्थान समयबद्ध और गंभीर प्रयास करें। तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने फार्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और समय-सीमा की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तहसील स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया ताकि पात्र कोई भी युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे। बैठक में क्षेत्र के सभी महाविद्यालयों और आईटीआई के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं संबंधित कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे। सभी ने मतदाता सूची में अधिकाधिक नाम जुड़वाने के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




