
रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, कई लोग घायल
Ambedkar-nagar News - भीटी के दुर्गूपुर मजरे जमालपुर में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। कई लोग घायल हुए हैं और दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन जारी है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हमला किया गया।
भीटी, संवाददाता। महरुआ थाना क्षेत्र के दुर्गूपुर के मजरे जमालपुर में रास्ते के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जमालपुर निवासी जगत नारायण पुत्र राम निहोर का आरोप है कि बीते गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे वह ठेले पर खाद लेकर रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश में गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें उन्हें व उनके परिवार के सदस्यों को चोटें आईं।
बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की गई। शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से जितेंद्र कुमार पुत्र राजबली ने का कहना है कि रास्ते के लिए न्यायालय के कमिश्नर ने सात जनवरी को रास्ता निर्धारित किया था। उसी के लिए आठ जनवरी की सुबह बातचीत चल रही थी, तभी आरोपी पक्ष आक्रोशित होकर उनके घर पहुंच गया और मारपीट करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उन्हें चोटें आईं और कपड़े भी फाड़ दिए गए। शोर मचाने पर बचाव में पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई तथा गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




