चालक को छुड़ाने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों में हुई कहासुनी
सैदापुर के केवटहिया गांव में एक कार ने बाइक में टक्कर मारी, जिससे चालक भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर विवाद हुआ। पुलिस ने तीन ग्रामीणों को हिरासत में लिया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हंगामे के बाद पुलिस को वापस लौटना पड़ा। मामले की जांच जारी है।

सैदापुर, संवाददाता। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के बलुआ बहादुरपुर के मजरे केवटहिया गांव में सड़क किनारे खड़ी बाइक में कार की टक्कर मारकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। चालक को छुड़ाने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच देर रात तक कहासुनी हुई। बाद में पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। केवटहिया गांव निवासी परशुराम मेलहिया बाग के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर खेत की सिंचाई कर रहे थे। रात करीब नौ बजे बारात जा रही एक ब्रेजा कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा।
ग्रामीणों ने कार का पीछा कर सुल्तानगढ़ के आगे वाहन को रोक लिया। बताया जाता है कि ग्रामीण चालक को पकड़कर गांव ले आए तथा बारातियों को वाहन से उतार दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि चालक को बंधक बना लिया गया है। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और परशुराम, उनके भाई सेवाराम समेत एक अन्य व्यक्ति को पुलिस वाहन में बैठा लिया। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौके पर जुट गए तथा पुलिस वाहन को घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने हिरासत में लिए गए तीनों लोगों को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच देर रात तक हंगामा होता रहा। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस वापस लौट गई। घटना की क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक को बंधक बनाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


