
केंद्र निर्धारण की जांच के लिए जिलाधिकारी ने गठित की तहसील स्तरीय समिति
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर में 2026 की बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यालयों द्वारा सूचनाओं के अपलोड के बाद, जिलाधिकारी ने तहसील समिति का गठन किया है। समिति 17 नवंबर तक सूचनाओं का सत्यापन करेगी। विभिन्न तहसीलों में उप जिलाधिकारियों को अध्यक्ष और अन्य सदस्यों के रूप में नामित किया गया है।
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। वर्ष 2026 में होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यालयों द्वारा आधारभूत सूचनाओं को अपलोड करने के बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील समिति इसका सत्यापन करेगी। इसके लिए 17 नवंबर तक की समय सीमा निर्धारित की गई है। समिति सत्यापन के बाद अपनी स्पष्ट आख्या के साथ रिपोर्ट देगी। अकबरपुर में उप जिलाधिकारी नीरज गौतम को अध्यक्ष, संतोष कुमार तहसीलदार, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी अजय जायसवाल और राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर के प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप यादव को सदस्य बनाया गया है। टांडा में उप जिलाधिकारी डॉ शशि शेखर को अध्यक्ष, निखिलेश कुमार तहसीलदार, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी सुशील कुमार और प्रधानाचार्य राजकीय विद्युत परिषद इंटर कॉलेज टांडा अवधेश कुमार को सदस्य बनाया गया है।

जलालपुर में उप जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता को अध्यक्ष, तहसीलदार गरिमा भार्गव, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी जयशंकर चौबे और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जलालपुर की प्रधानाचार्य आशा वर्मा को सदस्य नामित किया गया है। आलापुर में उप जिलाधिकारी सुभाष सिंह को अध्यक्ष, पद्मेश श्रीवास्तव तहसीलदार, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी दिलीप वर्मा और प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आलापुर अनुपमा उपाध्याय को सदस्य नामित किया गया है। जबकि भीटी तहसील में उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह को अध्यक्ष, नायाब प्रभारी/तहसीलदार राज कपूर, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता चंद्र प्रताप और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीटी की प्रधानाचार्य रंजना को सदस्य नामित किया गया है। इससे पहले 11 नवंबर तक विद्यालयों द्वारा आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि तहसील स्तरीय समिति विद्यालयों द्वारा परिपद की वेबसाइट पर अपलोड की गई आधारभूत सूचनाओं तथा जियोलोकेशन का भौतिक सत्यापन करेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


