मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर सज्जाद के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा व चोरी की बाइक बरामद
उत्तर प्रदेश के अम्बेड़करनगर जिले की टांडा कोतवाली पुलिस ने सज्जाद नामक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में उसे पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। सज्जाद पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार था।
टांडा ,अम्बेडकरनगर,संवाददाता। उत्तर प्रदेश के अम्बेड़करनगर जिले की टांडा कोतवाली पुलिस ने बीती रात लगभग एक बजे हुई मुठभेड़ में अकबरपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर सज्जाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान सज्जाद के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ ग्राम धौरहरा बाईपास के निकट हुई। टांडा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की तथा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी सज्जाद के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।क्षेत्राधिकारी शुभम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सज्जाद अकबरपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध गैंगस्टर, गो तस्करी, गो हत्या तथा मादक पदार्थों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जीवित कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में पुलिस तस्दीक और जांच की कार्रवाई कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकार शुभम कुमार का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


