सड़क हादसे में ई- रिक्शा सवार महिला की मौत, पति व बच्ची घायल
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार महिला पूजा की मौत हो गई। उसके पति और बच्ची को मामूली चोटें आईं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी, चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुलहूपुर,अम्बेडकरनगर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के अम्बेड़करनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और मासूम बच्ची समेत अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मंगलवार को मालीपुर थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी राहुल पुत्र रामउजागर अपनी पत्नी पूजा 28 वर्ष और दो वर्षीय बच्ची के साथ किसी आवश्यक कार्य से जलालपुर जा रहे थे। वे ई-रिक्शा से यात्रा कर रहे थे।
इसी दौरान करमिसिरपुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके पति और बच्ची को हल्की चोटें आई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और सूचना पर एंबुलेंस को बुलाया गया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद पूजा को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मालीपुर थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारने के बाद फरार हो गया है। पुलिस वाहन की पहचान करने और चालक को पकड़ने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


