नहाते समय शारदा सहायक नहर में डूबा किशोर, चार घंटे बाद मिला शव
Ambedkar-nagar News - दुलहूपुर, अम्बेडकरनगर में एक किशोर की शारदा सहायक नहर में डूबने से मौत हो गई। चार घंटे की तलाश के बाद शव मिला। बिहारी लाल, जो कक्षा आठ का छात्र था, दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। उसकी मां ने उसे घर पर न पाकर खोजबीन शुरू की। परिवार में शोक का माहौल है।
दुलहूपुर,अम्बेडकरनगर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के कटका थाना क्षेत्र के जल्दीपुर गांव के समीप शारदा सहायक नहर में नहाते समय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने नहर से शव बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर दिघौटा निवासी बिहारी लाल 13 वर्ष पुत्र बरखुराम शनिवार शाम करीब चार बजे गांव के कुछ लड़कों के साथ माधवपुर जाने वाली छोटी नहर के पास शारदा सहायक नहर में नहाने गया था।
इसी दौरान तेज बहाव में वह डूब गया। बताया जा रहा है कि साथ नहा रहे लड़के उसे डूबता देख वहां से भाग निकले और किसी को सूचना नहीं दी।
मृतक की पहचान
शाम को मजदूरी करके घर लौटी मां किस्सा देवी ने बेटे को घर पर न पाकर उसकी तलाश शुरू की। गांव और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बाद परिजन व ग्रामीण नहर किनारे पहुंचे, जहां झाड़ियों के पास बिहारी के कपड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों को आशंका हुई कि किशोर नहर में डूब गया है। ग्रामीणों की कई टोलियां नहर में उतर गईं और करीब दो किलोमीटर तक पानी में तलाश अभियान चलाया गया। देर रात करीब 11 बजे जल्दीपुर गांव के पास छोटी नहर के पूरब दिशा में किशोर का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची कटका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कटका अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बिहारी का परिवार
मृतक बिहारी लाल कक्षा आठ का छात्र था। वह दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई अनंत कुमार घर पर रहकर पढ़ाई करता है। पिता बरखुराम रोजी-रोटी के सिलसिले में जयपुर में रहते थे, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण इन दिनों घर आए हुए थे। बेटे की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां किस्सा देवी बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार बिहारी को गांव के कुछ लड़कों के साथ नहर की ओर जाते देखा गया था, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि सभी लड़के नहर में नहाने उतरे थे। इसी दौरान बिहारी तेज बहाव में फंस गया और उसके साथी डर के कारण मौके से भाग निकले। परिजनों का कहना है कि बिहारी को तैरना नहीं आता था। पिता ने कहा कि अगर समय रहते सूचना मिल जाती तो शायद बेटे की जान बचाई जा सकती थी।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


