मजदूर की मौत से परिजनों के सामने खड़ा हुआ आर्थिक संकट
दुलहूपुर के बेलउवा बरियारपुर गांव में पुराने मकान को तोड़ते समय छज्जा गिरने से मजदूर जगदीश राजभर की मौत हो गई। उनकी पत्नी और पांच बच्चों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पुलिस अभी तक परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है।

दुलहूपुर, संवाददाता। मालीपुर थाना क्षेत्र के बेलउवा बरियारपुर गांव में पुराने मकान को तोड़ते समय छज्जा गिरने से हुई मजदूर जगदीश राजभर की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के निधन से पत्नी और पांच बच्चों के सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, घटना के संबंध में पुलिस अभी भी परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है। दरगाह शाह रमजान निवासी 50 वर्षीय जगदीश राजभर मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह वह बेलउवा बरियारपुर गांव में एक पुराने मकान को तोड़ने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान हथौड़े से छज्जा तोड़ते समय अचानक मकान का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और वह मलबे में दब गए। गंभीर रूप से घायल जगदीश को ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। सोमवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया। जगदीश अपने पीछे पत्नी किस्मत्ति देवी, तीन पुत्र कन्हैयालाल, अजय और राहुल तथा दो पुत्रियां काजल और आंचल को छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि जगदीश ही घर की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालते थे। उनकी असमय मौत से बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण को लेकर चिंता बढ़ गई है। मालीपुर थानाध्यक्ष शशांक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है, लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


