
मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार युवकों को कुचला, एक की मौत
Ambedkar-nagar News - सैदापुर में तेज रफ्तार मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने परीक्षा देने जा रहे दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अवैध खनन के चलते ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं।
सैदापुर, संवाददाता। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हंसवर थाना क्षेत्र के साबुकपुर गांव निवासी शिवांग (28) पुत्र सतीराम और औझीपुर गांव निवासी पिंटू बाइक से परीक्षा देने निकले थे। दोनों जैसे ही बरियावन पट्टी मार्ग पर सलाहुद्दीनपुर गांव के पास पहुंचे कि सामने से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्राली दोनों युवकों को कुचलते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान शिवांग की मौत हो गई, जबकि पिंटू की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक कूदकर मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर-ट्राली बरियावन निवासी संजय यादव की बताई जा रही है। अवैध खनन बना मौत का कारण:क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए अवैध खनन खुलेआम किया जा रहा है। बिना किसी निगरानी के मिट्टी लादकर सड़कों पर दौड़ते ये वाहन हादसों को न्योता दे रहे हैं। अधिकतर मामलों में चालक नाबालिग या अप्रशिक्षित होते हैं, जो तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। खनन विभाग और संबंधित जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं। सम्मनपुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




