Ambedkar Nagar News: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बहन व भांजा घायल
Ambedkar Nagar News: दुलहूपुर में एक सड़क हादसे में एक युवक की मृत्यु हो गई जबकि उसकी बहन और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी आजमगढ़ से लौट रहे थे जब तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक फरार हो गया है।

Ambedkar Nagar News: दुलहूपुर, संवाददाता। जलालपुर-बसखारी मार्ग पर अशरफपुर मजगवां गांव के पास शनिवार देर रात अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और नौ वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। बसखारी थाना क्षेत्र के डोडो गांव निवासी नसीम (25) अपनी बहन कमाया (43) और भांजे अबू सहमा (9) के साथ बाइक से आजमगढ़ से घर लौट रहे थे। अशरफपुर मजगवां गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान नसीम की मौत हो गई। महिला और बच्चे का इलाज जारी है। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


