
कंबाइन मशीन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, चालक फरार
Ambedkar-nagar News - सैदापुर में धान की कटाई के दौरान कंबाइन मशीन की चपेट में आने से 50 वर्षीय मजदूर बृज विलास दूबे की मौत हो गई। मशीन चालक घटना के बाद फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, बृज विलास को मशीन की आवाज सुनाई नहीं दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार में शोक का माहौल है।
सैदापुर, संवाददाता। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां धान की कटाई के दौरान कंबाइन मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मशीन चालक कंबाइन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। कजरी जमालुद्दीनपुर निवासी ज्ञान प्रकाश दुबे के खेत में वर्षों से मजदूरी कर रहे जगदीशपुर नोखा के रहने वाले 50 वर्षीय बृज विलास दूबे रोज की तरह गुरुवार को भी धान की कटाई के काम में लगे थे। ग्रामीणों के अनुसार धान कटाई के दौरान कंबाइन मशीन को पीछे लेते समय बृज विलास दूबे उसकी चपेट में आ गए।

कम सुनाई देने के कारण उन्हें मशीन के पीछे आते वक्त भनक नहीं लगी, जिसके चलते वे मशीन के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच मौका पाकर कंबाइन मशीन चालक घटना स्थल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतक बृज विलास अत्यंत गरीब परिवार से थे और वर्षों से मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पाल रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय उपनिरीक्षक को मौके पर भेज दिया गया है। तहरीर मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जगदीशपुर नोखा गांव के बृज विलास दुबे के निधन की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। पत्नी राधना देवी तथा पुत्र आनंद दुबे व शुभम दुबे का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता के आकस्मिक निधन से परिवार समेत पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




