हाई-वे पर सीएनजी लदे वाहन के सिलेंडर से निकलने लगी गैस, अफरा-तफरी
Ambedkar-nagar News - सोमवार की सुबह बसखारी-अकबरपुर हाईवे पर एक सीएनजी लदे वाहन में गैस सिलेंडर से रिसाव होने की घटना से अफरातफरी मच गई। करीब 25 मिनट तक यातायात बाधित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभाला और बाद में यातायात सामान्य हो गया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन वे नहीं पहुंचे।

किछौछा, संवाददाता। बसखारी-अकबरपुर हाई-वे पर सोमवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एक सीएनजी लदे वाहन में गैस के सिलेंडर से रिसाव होने लगा। बीच सड़क पर रिसाव होने के कारण करीब आधे घंटे तक हाई-वे पर यातायात बाधित रहा। गैस का रिसाव अपने आप बंद होते ही पुन: सीएनजी लदा वाहन अकबरपुर के एक फिलिंग स्टेशन के लिए रवाना हो गया। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एहतियात के तौर पर बसखारी पुलिस फोर्स तैनात रही। बताया जाता है कि आजमगढ़ जनपद से अकबरपुर जा रहा सीएनजी लदा वाहन यूपी 32 पीएन 0605 बसखारी-अकबरपुर हाईवे पर हरैया के निकट पहुंचा ही था।
इस बीच, वाहन लदे सीएनजी के एक सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा। सुबह 10:05 पर यह घटना हुई। करीब 25 मिनट तक गैस निकलने लगी और वाहन के ऊपर गैस के धुएं का गुबार देखने को मिला। बीच सड़क पर वाहन लदे सिलेंडरों में से एक सिलेंडर में गैस रिसाव की घटना को देखकर सड़क पर यातायात कर रहे बाइक सवार जान बचा कर इधर-उधर भागते हुए नजर आए। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। बसखारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि वाहन में से गैस सिलंडर के रिसाव की सूचना पर उप निरीक्षक ओंकार पटेल, हेड कांस्टेबल दीपचंद यादव, सुरजीत वर्मा, अजय यादव समेत पुलिसकर्मियों को भेजा गया। सीएनजी गैस के रिसाव खत्म होने तक इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन कुछ देर के लिए एहतियात के तौर पर सुरक्षा की दुष्टि से रोक दिया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि फायर ब्रिगेड को फोन से इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची। करीब 25 मिनट तक सिलेंडर से गैस निकलने का सिलसिला जारी रहा। अपने आप गैस का निकलना बंद होने के बाद सीएनजी लदा हुआ वाहन वहां से अकबरपुर के एक फिलिंग स्टेशन के लिए रवाना हो गया। बसखारी थानाध्यक्ष ने बताया कि स्थिति सामान्य होते ही पुन: इस मार्ग से वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


