दो गांवों में एक साथ चार घरों में नगदी समेत लाखों के जेवरात चोरी

Newswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share

Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर जिले के कटका थाना क्षेत्र में चोरों ने सोमवार रात एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। चोरों ने घरवालों को बाहर से बंद कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली। इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

दो गांवों में एक साथ चार घरों में नगदी समेत लाखों के जेवरात चोरी

दुलहूपुर,अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अम्बेड़करनगर जिले के कटका थाना क्षेत्र के लवइया पलया व सेमरा पुरैना गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी पार कर दी। घटना को अंजाम देने के लिए चोरों ने घर के लोगों को बाहर से बंद कर दिया, जिससे किसी को भनक तक नहीं लगी। एक ही रात में कई घरों में चोरी की वारदात से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। सोमवार की रात कटका थाना क्षेत्र के लवइया पलया निवासी विजेंदर बहादुर सिंह के घर चोर पीछे से छत पर चढ़कर साड़ी के सहारे आंगन में उतरे और दो कमरों में रखे बॉक्स व अलमारी का ताला तोड़ दिया।

यहां से चोर तीन सोने की अंगूठी, दो पायल, एक कड़ा और करीब 65 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के लोग बाहर बरामदे में सो रहे थे।इसके बाद चोरों ने पड़ोसी राज बिहारी सिंह के घर भी धावा बोला। घर के कमरों को बाहर से बंद कर ताला तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन आहट होने पर परिवार के लोग जाग गए। लोगों के जागने पर चोर मौके से फरार हो गए और ताला तोड़ने के औजार वहीं छोड़ गए। इसी क्रम में चोरों ने करीब 500 मीटर दूर सेमरा पुरैना गांव निवासी अनिल शुक्ला के घर को निशाना बनाया। यहां भी घरवालों को बाहर से बंद कर अंदर घुसकर एक मंगलसूत्र, पायल समेत लगभग 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ली।चोरों ने बगिया निवासी फिरोज के घर भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन यहां उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। इस प्रकार चोर दो घरों में चोरी करने में सफल रहे, जबकि दो स्थानों पर प्रयास विफल रहा। सूचना मिलते ही एसओ कटका अवधेश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।