प्राथमिक विद्यालय में फांसी के फंदे से लटकता मिला महिला का शव

Apr 07, 2026 12:58 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share

Ambedkar-nagar News - उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में गोविंदपुर मारिकपुर गांव में एक 35 वर्षीय महिला इन्दू यादव का शव प्राथमिक विद्यालय में फांसी के फंदे से लटका मिला। वह बीमार चल रही थी और मानसिक तनाव में थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में शोक की लहर है।

प्राथमिक विद्यालय में फांसी के फंदे से लटकता मिला महिला का शव

नियाज तौहीद सिद्दीकी /अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश जिले के अम्बेडकरनगर में जैतपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर मारिकपुर गांव में सोमवार रात एक 35 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में प्राथमिक विद्यालय में फांसी के फंदे से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मरौचा गांव थाना बसखारी निवासी इन्दू यादव पत्नी उमाशंकर यादव इन दिनों अपने मायके गोविंदपुर थाना जैतपुर में रह रही थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह दवा लेने के लिए अकबरपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।

काफी खोजबीन के बाद रात करीब 10:30 बजे मृतका के भाई ने गांव से कुछ दूरी पर स्थित प्राथमिक विद्यालय में उसे दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ देखा। बहन को फांसी के फंदे से लटकता देखकर वह स्तब्ध रह गया और तत्काल परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ जैतपुर धीरेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।मृतका इन्दू यादव, गोविंदपुर निवासी रामनाथ यादव की पुत्री थी और काफी समय से बीमार चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के चलते वह मानसिक रूप से परेशान और अवसादग्रस्त थी। लंबे समय से इलाज चलने के कारण वह तनाव में थी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।सात माह की मासूम के सिर से उठा मां का साया इन्दू यादव की शादी वर्ष 2019 में बसखारी थाना क्षेत्र निवासी उमाशंकर यादव से हुई थी। उसके एक सात माह की दुधमुंही बच्ची भी है। मां की अचानक मौत से मासूम के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं ससुराल पक्ष के लोग भी सूचना पर मौके पर पहुंच गए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।