कल से तीन दिनों तक रहेगी श्रवण धाम महोत्सव की धूम

Jan 16, 2026 11:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share

Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर में 18 जनवरी से तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें भक्ति, लोक कला, संस्कृति और सरकारी योजनाओं का संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव में अनूप जलोटा और कुमार विश्वास जैसे प्रमुख कलाकार भाग लेंगे। यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जागरूकता का माध्यम बनेगा।

कल से तीन दिनों तक रहेगी श्रवण धाम महोत्सव की धूम

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। जिले की धार्मिक और पौराणिक धरोहर श्रवण क्षेत्र धाम में तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव का शुभारंभ 18 जनवरी से होने जा रहा है, जिसमें भक्ति, लोक कला, संस्कृति और सरकारी योजनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा भव्य रूप से आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला स्थलीय निरीक्षण कर लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। महोत्सव के माध्यम से इस स्थल को रामायण सर्किट से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। जिससे पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।

तीन दिनों में भजन संध्या, रामलीला, लोक नृत्य, लोक गीत, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की भजन संध्या, कवि कुमार विश्वास का कवि सम्मेलन तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों से माहौल भक्तिमय और उत्सवी बनेगा। शाम के समय लाइट एंड साउंड शो तथा लेजर शो का भी आयोजन प्रस्तावित है, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगा। प्रत्येक दिन जनपद के साथ-साथ आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचेंगे। महोत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और लाभार्थियों से संवाद होगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और पर्यटन प्रचार का भी माध्यम बनेगा। महोत्सव में चार चांद लगाएंगे अनूप जलोटा व कुमार विश्वास:महोत्सव को शोभा को बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी पहुंच रहे हैं। 18 जनवरी की शाम को भजन गायक अनूप जलोटा अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देंगे। 19 जनवरी को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें प्रख्यात कवि कुमार विश्वास अपनी रचनाओं से लोगों का दिल जीतेंगे। जबकि 20 जनवरी को समापन समारोह के दिन अमित दीक्षित रामजी रामलीला के दौरान अपनी प्रस्तुति देंगे। तीनों की प्रस्तुति कार्यक्रम में चार चांद लगा देगी। वहीं सूचना विभाग द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनपद के विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी महोत्सव लगाई जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।