Ambedkar Nagar News: पांच दिन से नदी किनारे बेटी की राह देख रहा परिवार
Ambedkar Nagar News: जहांगीरगंज के चहोड़ा घाट पर 20 वर्षीय नवविवाहिता जया पांडेय की तलाश पांचवे दिन भी जारी है। जया, जो दवा लेने के लिए घर से निकली थी, पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गई। उसकी छोटी बहन शुभी को बचा लिया गया, लेकिन जया का कोई सुराग नहीं मिला है। परिवार के सदस्य चिंतित हैं।

Ambedkar Nagar News: जहांगीरगंज, संवाददाता। आलापुर थाना क्षेत्र के चहोड़ा घाट पर सरयू नदी की तेज धार में समाई 20 वर्षीय नवविवाहिता जया पांडेय का पांचवें दिन रविवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। जिस बेटी के घर लौटने का परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा है, उसी की तलाश में परिजन पांच दिनों से नदी किनारे डेरा डाले हुए हैं। हर गुजरते दिन के साथ उनकी उम्मीद और चिंता दोनों बढ़ती जा रही हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जया और शुभी का घर से निकलना
आलापुर थाना क्षेत्र के जोगीपुर बहिंगवापुर गांव निवासी शैलेश पांडेय की पुत्रियां जया पांडेय 20 साल और शुभी पांडेय 15 साल बीते बुधवार को रामनगर कस्बे में दवा लेने के लिए कह कर घर से निकली थीं। लेकिन दोनों बहनें सरयू नदी के चहोड़ा घाट पर पहुंच गई जहां पर फोटो खींचने के दौरान पैर फिसलने से जया सरयू के तेज बहाव में चली गई थी। उसे बचाने के लिए उसकी छोटी बहन शुभी भी नदी में कूद गई थी। हालांकि ग्रामीणों ने शुभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जया तेज बहाव में लापता हो गई।
तलाशी अभियान की स्थिति
घटना के बाद से ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से जया की तलाशी अभियान चला। जया का कोई सुराग नहीं लगने से एसडीआरएफ टीम दूसरे दिन वापस चली गई। जिसके बाद निजी खर्च पर परिजन स्टीमर से घटनास्थल से करीब 14 किलोमीटर दूर कम्हरिया घाट तक नदी में स्टीमर से तलाशी अभियान चला रहे हैं, लेकिन पांच दिनों से चल रही तलाश के बाद भी जया का कोई पता नहीं चल सका। मगर परिवार की आंखें अब भी नदी की ओर टिकी हैं। पांच दिन बीत जाने के बाद भी जया का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। नदी की धार में हर हलचल के साथ परिवार को बेटी के मिलने की उम्मीद जगती है, लेकिन तलाश के बाद खाली हाथ लौटना उनकी पीड़ा और बढ़ा देता है।


