जहांगीरगंज। स्थानीय कस्बे में स्थित एक घर में अचानक आग लग जाने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को बचाने पहुंचा पति भी आग में झुलस गया। आनन फानन में परिजन दोनों जिला अस्पताल इलाज के लिए लेकर गए हैं। बताया जाता है कि टाण्डा निवासी दीपक मौर्य (32) पुत्र स्व. चंद्रमोहन मौर्य की जहांगीरगंज कस्बे में बिस्कुट टॉफी की थोक की दुकान है। दुकान से लगभग 50 मीटर पूरब बने निजी आवास पर दीपक मौर्य उनके दो छोटे बेटे व भाई रहते हैं। बताया जाता है कि मंगलवार को लगभग दो बजे दीपक खाना खाने घर आया और अपने बच्चों के साथ नीचे वाले कमरे में था। पत्नी ममता रोटी बनाने के लिए घर के दूसरे फ्लोर पर बने रसोई में गयी। रसोई में अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। आग की लपटों से ममता झुलसने लगी। चीख पुकार और आग की लपटों को देखकर पहुंचे पड़ोसी एवं बाजारवासी आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। दीपक भी पत्नी ममता को बचाने के लिए कमरे में घुस कर उसे बाहर निकालने लगा, जिससे उसका भी हाथ एवं आधा चेहरा झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। ममता और दीपक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रसोई में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण सिलेंडर में लीकेज नजर आ रहा है। पीड़िता को इलाज के लिए भेजा गया है। अन्य कार्यवाही की जा रही है।
अगली स्टोरी