सऊदी अरब में फंसे जिले के सभी भारतीयों की सकुशल वापसी हुई
Ambedkar-nagar News - सऊदी अरब के अबहा में फंसे जिले के सभी 161 मजदूरों की सुरक्षित वतन वापसी हो गई है। समाजसेवी आबिद हुसैन के प्रयासों से मजदूर अपने घर लौट आए हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया। परिवारों में खुशी का माहौल है और कई मजदूर भावुक हो गए। एक मजदूर की वापसी की प्रक्रिया अभी जारी है।

दुलहूपुर, संवाददाता। सऊदी अरब के अबहा में फंसे जिले के सभी मजदूरों की सकुशल वतन वापसी हो गई है। समाजसेवी आबिद हुसैन के लगातार प्रयासों से जिले के श्रमिक अपने घर लौट आए हैं। मजदूरों के वापस पहुंचने की खबर से परिजनों व ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह पहुंचे अंतिम जत्थे का आबिद हुसैन ने अपनी टीम के साथ स्वागत किया। वतन की मिट्टी पर कदम रखते ही मजदूरों के चेहरे खुशी से खिल उठे। परिजनों से फोन पर बात होते ही कई मजदूर भावुक भी हो गए। जिले के जो मजदूर सकुशल लौटे हैं, उनमें राम प्रीत व बलिराम अवसानपुर, फूलबदन नैपुरा, वीरेंद्र कुमार औरंगाबाद इल्तिफातगंज, राजेश कुमार इल्तिफातगंज, अजय चौहान व विजय बहादुर जहांगीरगंज, सूर्यभान व राधेश्याम अकबरपुर और प्रदीप राजभर अहिरौली खेमापुर शामिल हैं।
सभी के घरों में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने उनकी सुरक्षित वापसी पर राहत की सांस ली है। सऊदी अरब में वीजा संबंधी समस्या के कारण कुल 161 भारतीय मजदूर फंस गए थे, जिनमें राजस्थान, बिहार व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, जौनपुर, बस्ती, अयोध्या, खलीलाबाद, देवरिया समेत अन्य जिले के श्रमिक शामिल थे। पहले चरण में 61 मजदूर लौटे थे, जबकि अंतिम चरण में 99 मजदूरों की वापसी हुई। इस प्रकार कुल 160 मजदूर अब तक भारत आ चुके हैं। एक मजदूर इरफान की वापसी की प्रक्रिया अभी जारी है, जिसके लिए दूतावास प्रयासरत है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


