ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश अंबेडकर नगरबारिश बनी आफत, पेड़-पोल गिरे, आवागमन और आपूर्ति बाधित

बारिश बनी आफत, पेड़-पोल गिरे, आवागमन और आपूर्ति बाधित

अम्बेडकरनगर। बीते मंगलवार की रात से शुरू हुआ तूफानी बारिश का दौर जारी है।...

बारिश बनी आफत, पेड़-पोल गिरे, आवागमन और आपूर्ति बाधित
हिन्दुस्तान टीम,अंबेडकर नगरThu, 16 Sep 2021 11:50 PM
ऐप पर पढ़ें

अम्बेडकरनगर। बीते मंगलवार की रात से शुरू हुआ तूफानी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश का सिलसिला गुरुवार को दिनभर जारी रहा। मूसलाधार बारिश के दौर से वर्तमान सीजन में एक दिन में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड किया गया। जिले में 68.40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार हो रही रही बारिश के चलते जिलाधिकारी कक्षा आठ तक के विद्यालयों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया है।

बीते बुधवार की रात मूसलाधार बारिश हुई। रात भर मूसलाधार बारिश से खेत-खलियान पानी-पानी हो गए हैं। नगर की सड़कों पर जलभराव हो गया है। गुरुवार की सुबह से बरस रहे बादलों से लोगों को दफ्तर आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूलों में बच्चे ही नहीं पहुंच सके। इससे कई विद्यालय खुल ही नहीं सके। लगातार हो रही बारिश कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से आवागमन बाधित रहा। अयोध्या रोड पर अन्नावां के पास पेड़ गिरने से घंटो आवागमन बाधित हुआ। दूसरी ओर लगातार बारिश ने विद्युतापूर्ति व्यवस्था चौपट कर दी है। जिला मुख्यालय नगर के एक तिहाई शहर में सुबह से ही विद्युतापूर्ति ठप है। ग्रामीण अंचलों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। पोलों पर पेड़ गिरने से कई उपकेंद्र ब्रेकडाउन में चल रहे हैं।

खेती-किसानी के कार्य प्रभावित

लगातार हो रही बारिश से चना, मटर, सरसों, लाही, आलू एवं मसूर की अगेती बुवाई पर प्रभावित होगी। अगेती गन्ना एवं धान की फसल के गिरने और सब्जी के खेतों पानी भरने से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। गोभी, पत्ता गोभी, मिर्च, परवल, शिमला मिर्च, नेनुआ एवं तरोई के उत्पादन 25 प्रतिशत कमी आने का अनुमान है।

गिरा तापमान, ठंड हुआ मौसम

लगातार हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट हुई है। मौसम भी ठंडा हो गया है। जिले का औसत तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। शुक्रवार को भी भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि शनिवार को मौसम के साफ होने का अनुमान है। इस बीच तापमान में गिरावट से ठंडक होगी। मौसम विभाग के अनुसार अब ठंड का मौसम शुरू हो सकता है।

आज बंद रहेंगे कक्षा आठ तक के स्कूल

लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के चलते जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के आदेश पर बेसिक शिक्षा परिषद एवं सभी बोर्डों के कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों को शुक्रवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया मौसम खराब होने के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे। सभी विद्यालय शनिवार को पूर्व की भांति खुलेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें