Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmbedkar-nagar NewsRagarganj Market Faces Severe Infrastructure Issues Water Roads Toilets Lacking
बोले अम्बेडकरनगर:रगड़गंज की रौनक अतिक्रमण व गंदगी ने छीनी

बोले अम्बेडकरनगर:रगड़गंज की रौनक अतिक्रमण व गंदगी ने छीनी

संक्षेप:

Ambedkar-nagar News - रगड़गंज बाजार और आसपास के क्षेत्र में मूलभूत समस्याएं जैसे पेयजल, क्षतिग्रस्त मार्ग, और शौचालय की कमी से लोग परेशान हैं। सफाई कर्मचारियों की लापरवाही और अतिक्रमण ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। महिलाओं और बुजुर्गों को खासतौर पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Nov 09, 2025 11:02 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share Share
Follow Us on

रगड़गंज बाजार व आसपास का क्षेत्र लंबे समय से मूलभूत समस्या से संघर्ष कर रहा है। नगर पालिका क्षेत्र में आने के बाद संबंधित क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि अब समस्याओं का निस्तारण हो जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है। पेयजल की समस्या जहां लंबे समय से बनी है, तो वहीं ज्यादातर मार्ग क्षतिग्रस्त हैं। इससे लोगों विशेषकर महिलाओं व बुजुर्गों को आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ती है। रगड़गंज बाजार में अतिक्रमण के चलते जगह जगह सड़क संकरी हो गई है। इससे एक तरफ जहां जाम की समस्या अक्सर बनी रहती है, तो वहीं आवागमन में भी मुश्किलें होती हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बाजार में कहीं भी शौचालय न होने के चलते सबसे अधिक मुश्किल महिलाओं को होती है। उन्हें कई बार असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। अम्बेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में आने वाला रगड़गंज बाजार व आसपास का क्षेत्र लंबे समय से साफ सफाई जैसी मूलभूत समस्या से जूझ रहा है। सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के चलते लगभग डेढ़ हजार की आबादी को कई प्रकार की समस्या होती है। इसके अलावा रगड़गंज बाजार भी अतिक्रमण का शिकार है। इससे प्रतिदिन आने वाले दो हजार से अधिक खरीदारों को भी कई प्रकार की दिक्कत उठानी पड़ती है। पेश है बोले टीम की एक रिपोर्ट... रगड़गंज बाजार में अतिक्रमण के चलते कई जगह सड़क संकरी हो गई है। अकबरपुर टांडा मुख्य मार्ग पर स्थित होने के चलते इस बाजार से होकर बड़ी संख्या में वाहन आवागमन करते हैं। सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक होने व अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इससे एक तरफ जहां जाम में फंसकर लोगों को कई प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, तो वहीं इसका प्रतिकूल प्रभाव व्यवसाय पर भी पड़ता है। अतिक्रमणरेाधी अभियान तो चलता है, लेकिन संबंधित बाजार तक नहीं पहुंचता है। यदि इस प्रकार का अभियान यहां चलता भी है, तो इसमें महज औपचारिकता ही निभाई जाती है। कुछ ऐसा ही हाल स्वच्छता अभियान का भी है। सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के चलते न सिर्फ रगड़गंज बाजार व आसपास के क्षेत्र में जगह जगह कूड़ा करकट का ढेर लगा रहता है। नालियों की भी बेहतर तरीके से साफ सफाई नहीं की जाती है। इससे गंदा पानी गलियों व सड़क पर ही बहने लगता है। हल्की बारिश होने पर ही जलभराव हो जाता है। इसेस लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। खराब हैं स्ट्रीट लाइटें, तो हादसे को दावत दे रहे तारों के मकड़जाल: रगड़गंज बाजार व आसपास के क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक स्ट्रीट लाइट या तो खराब हैं या फिर क्षतिग्रस्त हैं। इससे संबंधित क्षेत्र में सूरज ढलते ही अंधेरा छा जाता है। इसके अलावा जगह जगह जर्जर व ढीले तार से अक्सर हादसे का खतरा बना रहता है। बाजार व आसपास के क्षेत्र में प्रकाश की बेहतर व्यवस्था किए जाने को लेकर जिम्मेदार तनिक भी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लंबे समय से खराब स्ट्रीट लाइट को बदलने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। क्षेत्र का विस्तार हुआ है। इसके बाद भी आवश्यकतानुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की सुध जिम्मेदारों को नहीं है। सूरज डूबते ही क्षेत्र में अंधेरा छाने से सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों को आवागमन में होती है। इसके अअलावा जर्जर व ढीले बिजली के तार भी सुचारु बिजली आपूर्ति में बड़े बाधक बन रहे हैं। हल्की सी हवा चलने पर शार्ट सर्किट का खतरा बना रहता है। इस समस्या की तरफ कई बार जिम्मेदारों व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कराया जाता है, लेकिन कोई गंभीरता नहीं दिखाई जाती है। क्षेत्र के बुजुर्ग रामखेलावन व मोतीलाल कहते हैं कि प्रकाश की बेहतर व्यवस्था किया जाना चाहिए। ऐसा न होने से सुरक्षा की भी चिंता लगातार बनी रहती है। शौचालय न होने से होती है कई प्रकार की दिक्कत:अकबरपुर टांडा मुख्य मार्ग पर स्थित अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र में आने वाला रगड़गंज बाजार अत्यंत महत्वपूर्ण बाजार में माना जाता है। इसके बाद भी यहां शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे सबसे अधिक खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को समस्या होती है। कई बार उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। तमाम शिकायतों के बाद भी इसे लेकर जिम्मेदार तनिक भी गंभीरता नहीं दिखा रहे। रगड़गंज बाजार में कहीं भी शौचालय का निर्माण नहीं है। वैसे तो यह बाजार बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन महत्वपूर्ण जरूर है। कारण यह कि आसपास के क्षेत्र के लोग प्रमुख बाजार शहजादपुर जाने से बचने के लिए यहां खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसके चलते प्रत्येक समय इस बाजार में चहल पहल रहती है। बीते कुछ समय से इस बाजार का विकास भी तेजी से हो रहा है। इन सबके बावजूद यहां शौचालय की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं व बुजुर्गों को होती है। कई बार तो महिलाओं के सामने असहज स्थिति उत्पन्न हो जाती है। क्षेत्र की सुमित्रा व रेखा कहती हैं कि बाजार में कम से कम दो शौचालय का निर्माण कराया जाना चाहिए। महिलाओं के हित की बात तो बढ़ चढ़कर की जाती है, लेकिन इस मूलभूत समस्या को दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता है। जिम्मेदारों को जल्द से जल्द बाजार में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराना चाहिए क्षतिग्रस्त मार्ग बन रहे हादसे का सबब:रगड़गंज बाजार हो या फिर इलाके की गलियां। ज्यादातर मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। गड्ढों में तब्दील ऐसे मार्ग पर आवागमन करना अत्यंत मुश्किल होता है। हल्की बारिश होने पर और भी समस्या बढ़ जाती है। संबंधित मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग समय समय पर जिम्मेदारों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से की जाती है, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई जाती है। मार्ग निर्माण में मानक की अनदेखी किए जाने का खामियाजा आमतौर पर क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ता है। दरअसल गुणवत्ता पर ध्यान न दिए जाने का ही नतीजा है कि मौजूदा समय मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। सामान्य दिनों में तो आवागमन में दिक्कत तो होती ही है, जब बारिश होती है तो यह समस्या और भी बढ़ जाती है। सबसे अधिक मुश्किल महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों को आवगामन में होती है। कुछ ऐसा ही हाल बाजार का भी है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को कई प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसका व्यवसाय पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। क्षेत्र के अनिल कुमार व राजितराम कहते हैं कि क्षतिग्रस्त मार्गों को दुरुस्त कराने व नए सिरे से निर्माण कराने के लिए कई बार जिम्मेदारों से लिखित व मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई। आश्वासन तो मिलता है, लेकिन इससे आगे प्रक्रिया नहीं बढ़ रही। नतीजा यह है कि इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। हमारी भी सुनिए-: साफ सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं है। सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के चलते ऐसा हो रहा है। इससे जगह जगह कूड़ा करकट का ढेर लगा है। इनके सड़ने से दुर्गंध उठती है। संचारी रोगों के फैलने की आशंका रहती है। इसके बाद भी जिम्मेदारी महसूस नहीं की जा रही है। विशाल क्षेत्र में जगह जगह फैली गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। समय समय पर इस संबंध में फागिंग कराए जाने की मांग की जाती है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई सुध नहीं ली जाती है। इससे समस्या जस की तस बनी है। इस संबंध में ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। अमित इलाके में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से दिन प्रतिदिन यह समस्या बढ़ती ही जा रही है। तमाम शिकायतों के बाद भी न तो नई नाली का निर्माण कराया जा रहा है और न ही क्षतिग्रस्त नालियों को दुरुस्त ही कराया जा रहा है। सुरजीत नालियों की नियमित रूप से साफ सफाई नहीं की जाती है। इससे गंदा पानी गलियों व सड़कों पर बहता है। इससे आवागमन में दिक्कत होती है। मजबूर होकर हम सभी को खुद ही कभी कभी नालियां साफ करनी पड़ती हैं। जिम्मेदारों को इस संबंध में ठोस कदम उठाना चाहिए। मुन्नर मोहल्ले की ज्यादातर गलियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं। और तो और जिन मार्ग का जल्द ही निर्माण हुआ था, वह भी गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इससे संबसे अधिक महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को आवागमन में दिक्कत होती है। सड़कों की मरम्मत कराया जाना अत्यंत जरूरी है। सज्जाद आलम निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान नहीं रखा जाता है। मानक की अनदेखी किए जाने का ही नतीजा है कि मार्ग निर्माण के कुछ ही दिन बाद वह क्षतिग्रस्त होने लगता है। इससे आम लोगों को समस्याएं होती है। इसकी शिकायत की जाती है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। इरशाद क्षेत्र की कई स्ट्रीट लाइटें या तो खराब हैं या फिर क्षतिग्रस्त हैं। इससे सूरज डूबते ही संबंधित क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है। इन्हें दुरुस्त करने व बदले जाने के लिए कई बार जिम्मेदारों से लिखित व मौखिक मांग की गई लेकिन लाइटों को दुरुस्त नहीं कराया गया। इससे समस्या होती है। मंजीत रगड़गंज बाजार होने के बाद भी बाजार में मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। बारिश होने पर जलभराव हो जाता है। बाजार के मार्ग क्षतिग्रस्त हैं। इससे खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को दिक्कत होती है। व्यावसाय पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। आम जन की समस्याओं का निस्तारण ठीक ढंग से नहीं किया जाता है। श्यामजी वर्मा बोले जिम्मेदार: इस बारे में नगर पालिक परिषद अकबरपुर के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा का कहना है कि साफ सफाई, पेयजल व प्रकाश के साथ ही आवागमन की बेहतर व्यवस्था किए जाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। समय समय पर सभासदों के साथ बैठक कर उनसे समस्याओं को जाना जाता है। जो भी फीडबैक मिलता है, उस पर अमल किया जाता है। जो भी समस्याएं है, उसे दिखवाया जाएगा।