Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmbedkar-nagar NewsPostmortem Ordered for Woman Exhumed in Dowry Death Case

कब्र खोदकर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

संक्षेप: Ambedkar-nagar News - जिलाधिकारी के आदेश पर टांडा कोतवाली पुलिस ने विहरोजपुर कब्रिस्तान में दफन की गई नाजरीन के शव को निकाला। नाजरीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया गया था। न्यायालय के...

Thu, 16 Oct 2025 07:38 PMNewswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share Share
Follow Us on
कब्र खोदकर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

विद्युतनगर, संवाददाता। जिलाधिकारी के आदेश पर टांडा कोतवाली पुलिस ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में करीब तीन माह पूर्व विहरोजपुर कब्रिस्तान में दफन की गई महिला के शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया गया था। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ था। टांडा कोतवाली क्षेत्र के विहरोजपुर निवासी सलमान के साथ जौनपुर जनपद के हुसैन गंज की निवासी नाजरीन का निकाह 12 साल पहले हुआ था। बीते नौ जुलाई को नाजरीन की संदिग्ध परिस्थितियों में विहरोजपुर में मौत हो गई थी। मृतक नाजरीन की बहन तरन्नुम बानो ने तत्समय दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पति सलमान, जेठ तौफीक अहमद, देवर छोटू, सास शाहजहां एवं जेठानी के विरुद्ध टांडा कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।

बाद में पीड़ित परिजनों ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर टांडा कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। नाजरीन के शव को उसके ससुरालीजनो ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही विहरोजपुर कब्रिस्तान में दफन कर दिया था। न्यायालय के आदेश पर जब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया तो नाजरीन के मायके वालों ने जिलाधिकारी से कब्रिस्तान में दफन किए गए शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इस सम्बंध में डीएम ने पोस्टमार्टम कराने के लिए एसपी को पत्र लिखा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक टांडा दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में नाजरीन के शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।