
मानसनगर कालोनी के रास्ते में जानलेवा गड्ढे, नहीं नसीब हो सका पक्का मार्ग
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर के अकबरपुर नगर पालिका के अमरौला वार्ड की मानसनगर कालोनी में लोग कच्चे रास्ते पर चलने को मजबूर हैं। यहाँ जानलेवा गड्ढे और प्रकाश की कमी के कारण लोगों को जोखिम का सामना करना पड़ता है। नागरिक लंबे समय से पक्के मार्ग और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अकबरपुर नगर पालिका के वार्डों में आज भी लोगों को अपने घरों तक पहंुचने के सुगम रास्ते नहीं नसीब हो सके हैं। नगर के अमरौला वार्ड के मानसनगर कालोनी में लोगों को घरों तक पहंुचने में कच्चे रास्ते का सहारा लेना पड़ता है। रास्ते में जानलेवा गड्ढे होने से लोग जान जाखिम में डाल कर आवागमन करने को मजबूर हैं। नगर के अमरौला वार्ड की मानसनगर कालोनी में करीब पांच सौ की आबादी निवास करती है। इस कालोनी में सौ से अधिक मकान हैं। कालोनी के आबाद हुए डेढ़ दशक से अधिक का समय बीत गया लेकिन लोगों को अभी तक पक्का मार्ग नहीं नसीब हो सका।
लागों को कालोनी में पहंुचने के लिए मात्र एक कच्चा रास्ता है। इस रास्ते में पेयजल की पाइप डालने के बाद उसे दुरुस्त नहीं किया गया, जिससे जगह-जगह जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। इस कच्चे रास्ते में प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोगों को अपने घरों तक पहंुचने में जोखिम का सामना करना पड़ता है। कालोनी में पहंुचने वाला यह कच्चा रास्ता मालीपुर व जलालपुर मुख्य मार्ग से जुड़ा हुआ है। कालोनी में आवागमन की समुचित सुविधा के लिए नागरिक लम्बे समय से मांग कर रहे हैं लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते उन्हें सुगम मार्ग नहीं उपलब्ध नहीं हो सका। इस कालोनी में नालियों की सफाई नहीं होती है जिससे लोगों को प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। नियमित कूड़े की उठान न होने से जगह-जगह कूड़ा जमा रहता है। ‘नगर की कालोनियों में सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। मानसनगर कालोनी के बदहाल कच्चे रास्ते को दुरुस्त कराया जाएगा। पक्का मार्ग के निर्माण के लिए प्रस्ताव लिए जाएंगे। साथ ही मार्ग में समुचित प्रकाश की सुविधा प्रदान की जाएगी।’ विशाल सारस्वत, उपजिलाधिकारी/प्रभारी ईओ नगर पालिका परिषद अकबरपुर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




