राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में मिले 72 चतुर्थ श्रेणी कार्मिक, चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की तैनाती से सुधरेगी व्यवस्था
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर के 29 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी अब खत्म होने जा रही है। आउटसोर्सिंग के जरिए 72 कर्मचारियों का चयन किया गया है। इससे विद्यालयों में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है, जिससे शिक्षण वातावरण बेहतर होगा।

अम्बेडकरनगर,संवाददाता। जनपद के 29 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से बनी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी अब खत्म होने जा रही है। आउटसोर्सिंग के जरिए कुल 72 चतुर्थ श्रेणी एवं सफाई कर्मचारियों का चयन किया गया है। इन कर्मचारियों की सूची पीसीएस फिन टेक कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार कर संयुक्त शिक्षा निदेशक को भेजी गई, जहां से सभी डीआईओएस को उन्हें कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक कई विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अभाव में साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था प्रभावित थी। साथ ही,रात्रि सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह से सुचारु नहीं हो पा रही थी, जिससे विद्यालय परिसरों में अव्यवस्था बनी रहती थी।
नई नियुक्तियों के तहत राजकीय इंटर कॉलेजों में कुछ स्थानों पर चार-चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जबकि राजकीय हाईस्कूलों में दो से तीन कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।इन कर्मचारियों की तैनाती से विद्यालयों में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है, जिससे शिक्षण वातावरण बेहतर होगा और छात्रों को अनुकूल माहौल मिल सकेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त चपरासी एवं सफाई कर्मचारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण कराने के लिए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दे दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


