Ambedkar Nagar News: सीबी सिंह लॉ कॉलेज में सुनाई गईं ‘नमो सेवा’ की अनकही कहानियां
Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर के सीबी सिंह लॉ कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के संकल्प सेवा अभियान के तहत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। वीडियो और रिकॉर्डिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और जनसेवा से जुड़ी कहानियां दिखाई गईं। करीब 100 स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने सेवा भावना, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर, संवाददाता । राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संकल्प सेवा अभियान के तहत सीबी सिंह लॉ कॉलेज के सेमिनार हॉल में ‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वीडियो और उपलब्ध रिकॉर्डिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और जनसेवा से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम में करीब 100 स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाओं के साथ अन्य विद्यार्थी भी शामिल हुए। सहायक कार्यक्रमाधिकारी आकाश श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा राष्ट्रव्यापी अभियान है।
इसका उद्देश्य सेवा भाव, सुशासन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के प्रयासों को सामने लाना है। कार्यक्रमाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि व्यक्ति के भीतर हमेशा सीखने की ललक बनी रहनी चाहिए। छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहयोग और जरूरतमंदों की मदद जैसे कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों से सेवा भावना को जीवन का उद्देश्य बनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

