रेलवे ट्रैक किनारे युवक का मिला युवक का शव
Ambedkar-nagar News - उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में मालीपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी ट्रेन से गिरा होगा।
अम्बेडकरनगर,संवाददाता। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव के समीप रेलवे लाइन किनारे गुरुवार सुबह लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर ट्रैक किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी।
देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना तत्काल मालीपुर थाने को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। युवक ने गहरे रंग की पैंट और शर्ट पहन रखी थी। शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए, जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी भी खंगाल रही है।प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी चलती ट्रेन से गिर गया होगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस हादसे के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और लोग घटना को लेकर अटकलें लगाते रहे। मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


