भीषण आग से कपड़े की दुकान, ग्राहक सेवा केंद्र व कारखाना जलकर राख

Newswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share

Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के नेवादा बाजार में भयंकर आग लगने से कपड़े की दुकान, ग्राहक सेवा केंद्र और सिलाई कारखाना जलकर राख हो गए। आग में लाखों रुपये का सामान और नगदी नष्ट हो गई। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने मदद की।

भीषण आग से कपड़े की दुकान, ग्राहक सेवा केंद्र व कारखाना जलकर राख

दुलहूपुर,अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अम्बेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के नेवादा बाजार में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से कपड़े की दुकान, ग्राहक सेवा केंद्र तथा सिलाई कारखाना जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में लाखों रुपये का सामान, कम्प्यूटर, सीसीटीवी कैमरे, सिलाई मशीनें और नगदी जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों तथा फायर ब्रिगेड की करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में 25 से 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। थाना जैतपुर क्षेत्र के ग्राम सभा पैकौली निवासी प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद सलीम की नेवादा बाजार में यूनियन बैंक के बगल डॉ. मनोज यादव के मकान में कपड़े की दुकान, ग्राहक सेवा केंद्र तथा सिलाई कारखाना संचालित होता था। दुकान पर उनके पुत्र गुफरान और सुफियान रहते थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे अचानक दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं।

आग की सूचना

बताया जाता है कि पास स्थित यूनियन बैंक पर तैनात गार्ड ने सबसे पहले आग लगने की जानकारी बाजारवासियों और दुकान मालिक को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड जलालपुर की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

Voice of UP

आग लगने का कारण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से कपड़े की दुकान का पूरा सामान, ग्राहक सेवा केंद्र में लगे कम्प्यूटर, एलईडी, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। दुकान के गल्ले और ग्राहक सेवा केंद्र पर रखी कुछ नगदी भी आग में जल गई। घटना के बाद प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद सलीम और उनका परिवार गहरे सदमे में है। बाजार के व्यापारियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है。

सिलाई कारखाना भी प्रभावित

आग की लपटों ने दुकान के पीछे संचालित कपड़ा सिलाई कारखाने को भी अपनी चपेट में ले लिया। कारखाने में रखे तैयार कपड़े, सिलाई मशीनें और अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। आगजनी की इस घटना से प्रधान प्रतिनिधि का लगभग पूरा कारोबार तबाह हो गया।

सोलर पैनल से मिली मदद

आग बुझाने के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे पानी के लिए चल रहा मोटर बंद हो गया। इसी बीच मकान मालिक डॉ. मनोज यादव के घर में लगा सोलर पैनल लोगों के लिए राहत का सहारा बना। सोलर सिस्टम से मोटर चलाकर लगातार पानी की व्यवस्था की गई, जिससे आग बुझाने में काफी मदद मिली। वहीं पास में स्थित मोहम्मद रजा की बाल्टी की दुकान से भी लोगों को नई बाल्टियां उपलब्ध कराई गईं। स्थानीय लोगों की तत्परता और फायर ब्रिगेड के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।

सामान्य प्रश्न

आग लगने का कारण क्या था?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।