Ambedkar Nagar News: युवती की आत्महत्या के मामले में युवक पर मुकदमा दर्ज
Ambedkar Nagar News: हरियाणा के झज्जर जिले में आत्महत्या करने वाली युवती की मां की शिकायत पर राजेसुल्तानपुर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि युवक युवती को संदेशों के जरिए परेशान और ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने शून्य एफआईआर दर्ज कर जांच झज्जर पुलिस को भेज दी है।

Ambedkar Nagar News: जहांगीरगंज, संवाददाता।हरियाणा में रह रही एक युवती की आत्महत्या के मामले में राजेसुल्तानपुर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शून्य एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना हरियाणा के झज्जर थाने को भेज दी है। बताया जाता है कि राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को इंदौरपुर उर्फ घिन्हापुर निवासी किशन कथित तौर पर आए दिन परेशान करता था। युवती ने छह जून को उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में न्यायालय में युवक के पक्ष में बयान देने के बाद मामला समाप्त हो गया।घटना
और लोकलाज के डर से युवती की मां उसे हरियाणा में नौकरी कर रहे अपने पति के पास ले गई। परिवार झज्जर जिले के दुलियानी पुलिस चौकी क्षेत्र के दादरी तोए में किराये के मकान में रहने लगा। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद भी किशन मोबाइल पर चैट और संदेशों के जरिए युवती से संपर्क करता रहा और उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि युवती के मना करने के बावजूद युवक उसे परेशान करता रहा। इससे तंग आकर युवती ने 22 जुलाई को किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मां ने मामले में कार्रवाई कराने का प्रयास किया, लेकिन हरियाणा जाकर मुकदमा दर्ज कराने में असमर्थ होने के कारण राजेसुल्तानपुर थाने में शून्य एफआईआर दर्ज कराई। थाना निरीक्षक अमित कुमार पांडेय ने बताया कि आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर विवेचना हरियाणा भेज दी गई है।

