Ambedkar Nagar News: लगभग डेढ़ दशक से भवन निर्माण की चली आ रही है मांग
Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर में परसौली गांव में अग्निशमन केंद्र का निर्माण होगा, जिसका खर्च 3.5 करोड़ रुपये होगा। इसे लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया जाएगा। आग लगने की घटनाओं में देरी से प्रतिक्रिया के कारण स्थानीय लोग प्रभावित होते थे। मुख्यमंत्री ने इस मांग को सुना और अब निर्माण की स्वीकृति मिली है।

Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर, संवाददाता। लगभग डेढ़ दशक के लम्बे इंतजार के बाद अब शीघ्र ही भीटी तहसील क्षेत्र के परसौली गांव में अग्निशमन केंद्र का निर्माण होगा। साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से होने वाले केंद्र का निर्माण प्रांतीय खंड लोक निर्माण द्वारा कराया जाएगा। फायर स्टेशन के निर्माण से तहसील में लगने वाली आग पर काबू पाने व नुकसान होने से बचाने में व्यापक लाभ मिलेगा। भीटी तहसील के गठन के बाद से ही अग्निशमन केंद्र के निर्माण की मांग चली आ रही थी। दरअसल भीटी तहसील क्षेत्र में फायर स्टेशन न होने से आग लगने की दशा में अकबरपुर स्थित अग्निशमन केंद्र से टीम पहुंचती है।
अकबरपुर से भीटी की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है। ऐसे में अधिक दूरी होने के चलते अक्सर टीम को हादसे वाले स्थान पर पहुंचने में विलंब हो जाता है। इससे न सिर्फ नुकसान अधिक होता है, बल्कि अक्सर फायर ब्रिगेड टीम को स्थानीय लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए ही लम्बे समय से फायर स्टेशन निर्माण की मांग चली आ रही थी। इस सम्बंध में न सिर्फ जिम्मेदार अधिकारियों, बल्कि जनप्रतिनिधियों तक से लिखित व मौखिक तौर पर फायर स्टेशन निर्माण की मांग भी की गई। बीते दिनों कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में भागीदारी करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आए थे, तो उनसे भी इसे लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस समय सीएम ने आश्वस्त किया था कि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा। इस बीच अब शासन ने अग्निशमन केंद्र निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मोहम्मद आमिर ने बताया कि लगभग साढ़े तीन करोड़ की लागत से भीटी तहसील क्षेत्र के परसौली गांव में केंद्र का निर्माण कराया जाएगा।


