डीएम ने अनाथ बच्चे को पढ़ाई के लिए दिलाई आर्थिक मदद

Jan 21, 2026 05:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share

Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर में 12 वर्षीय चन्द्र प्रकाश वर्मा ने डीएम के सामने फीस के पैसे न होने की बात कही। डीएम अनुपम शुक्ल ने उसकी पीड़ा को सुनकर उसे प्रति माह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया। चन्द्र प्रकाश का सपना अब फिर से जाग उठा है और वह पढ़ाई के लिए नई उम्मीद के साथ घर लौटा।

 डीएम ने अनाथ बच्चे को पढ़ाई के लिए दिलाई आर्थिक मदद

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। पढ़ना चाहता हूं साहब लेकिन फीस के पैसे नहीं हैं। शनिवार को जनता दर्शन के दौरान डीएम के सामने 12 वर्षीय एक बच्चे ने रुंधे गले से जब अपनी बात रखी तो पूरा माहौल भावुक हो गया। बच्चे की आंखों में पढ़ाई के लिए मजबूत संकल्प को देख कर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने तत्काल प्रति माह 25 सौ रुपए की आर्थिक सहायता दिलाई, बल्कि बच्चे के सर पर हाथ फेरते हुए उसको दुलारा और मनोबल भी बढ़ाया। नगर के गोविंद गणेशपुर निवासी चन्द्र प्रकाश वर्मा (12) अपने चाचा विवेक वर्मा के साथ शनिवार को जनता दर्शन के बीच डीएम कार्यालय पहुंचा।

मासूम चेहरे पर चिंता साफ झलक रही थी, लेकिन आंखों में पढ़ाई जारी रखने का मजबूत संकल्प था। चन्द्र प्रकाश ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्ष 2015 में उसके पिता जय प्रकाश वर्मा का निधन हो गया और मां उसे छोड़कर चली गई है। इस तरह वह पूरी तरह अनाथ हो गया। वर्तमान में वह अपनी बुआ लालमती के साथ अयोध्या में रहकर एक निजी विद्यालय में कक्षा छह में अध्ययन कर रहा है। स्कूल की फीस, किताबें और अन्य शैक्षणिक खर्च परिवार के लिए बोझ बन चुके हैं, जिससे उसकी पढ़ाई कभी भी रुक सकती है। बच्चे ने बताया कि अब तक उसे किसी भी सरकारी योजना का लाभ भी नहीं मिल सका था। बच्चे की पीड़ा को डीएम अनुपम शुक्ल ने पूरी संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने न केवल उसका हौसला बढ़ाया, बल्कि चॉकलेट देकर उसे दुलारा भी। इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश कुमार से फोन पर बात कर आवश्यक जानकारी ली और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत चन्द्र प्रकाश को प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता राशि तत्काल दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि पात्रता के अनुसार उसे अन्य सभी सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। डीएम की इस मानवीय और त्वरित पहल से चन्द्र प्रकाश की आंखों में अब फिर से सपनों की चमक लौट आई और वह पढ़ाई के लिए अब नई तैयारी के साथ अपने घर लौटा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।