Ambedkar Nagar News: अधूरी नाली बनी जलभराव की वजह, घरों तक पहुंचा पानी
Ambedkar Nagar News: भियावं की ग्राम सभा में लाखों रुपये की लागत से बनी नाली बारिश में ठीक से काम नहीं कर रही है। जल निकासी की बिना व्यवस्था के सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शिकायत की है कि निर्माण के दौरान जल निकासी की समस्या का ध्यान नहीं दिया गया।

Ambedkar Nagar News: दुलहूपुर, संवाददाता। विकास खंड भियांव की ग्राम सभा भियांव में लाखों रुपये की लागत से कराए गए नाली निर्माण की हकीकत बारिश में सामने आ गई। नाली तो बना दी गई, लेकिन पानी की निकासी का समुचित इंतजाम नहीं किया गया। इससे हल्की बारिश में ही जलालपुर मुख्य मार्ग से भियांव पंचायत सचिवालय तक सड़क पर पानी भर जा रहा है। कई जगह सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है। पानी सड़क से होकर आसपास के घरों और खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है। जलालपुर मुख्य मार्ग स्थित रफीगंज बाजार से भियांव ग्राम पंचायत सचिवालय तक लाखों रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया गया है। नाली रफीगंज बाजार से ग्राम सभा सेमरा की सीमा तक बनाई गई है। इसके बाद भियांव और सेमरा के बीच करीब छह फुट हिस्से में नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। यही अधूरा हिस्सा अब पूरे निर्माण पर सवाल खड़े कर रहा है। नाली का पानी इस स्थान पर पहुंचने के बाद आगे नहीं निकल पाता और वापस सड़क तथा आसपास के खेतों में फैल जाता है।
बारिश के बाद स्थिति
बारिश होने के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर पानी भरने के साथ आसपास के घर भी जलभराव की चपेट में आ जाते हैं। भियांव रोड निवासी अरविंद गुप्ता ने बताया कि उनके घर के चारों तरफ करीब तीन फीट तक पानी भर गया है। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने जलभराव की समस्या की शिकायत ग्राम प्रधान के साथ एसडीएम जलालपुर से भी की है।
ग्रामीणों की शिकायतें
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण के समय जल निकासी की समस्या को नजरअंदाज किया गया। नाली का पानी आखिर कहां जाकर निकलेगा, इसका स्थायी इंतजाम किए बिना निर्माण करा दिया गया। अब बारिश के दौरान यही नाली जलभराव का कारण बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नाली को आगे तक जोड़कर पानी निकासी की उचित व्यवस्था कर दी जाए तो समस्या का समाधान हो सकता है।


