Ambedkar Nagar News: रोमांचक फाइनल में देव इंद्रावती कॉलेज ने जीता वॉलीबॉल का स्वर्ण पदक
Ambedkar Nagar News: परुइया आश्रम में आयोजित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने खिताब जीता। फाइनल में टीम ने विश्वविद्यालय आवासीय परिसर को निर्णायक सेट में 15-12 से हराया। कप्तान भानु प्रकाश के नेतृत्व में कॉलेज ने विजेता ट्रॉफी और स्वर्ण पदक हासिल किया। विश्वविद्यालय आवासीय परिसर उपविजेता रहा।

Ambedkar Nagar News: दुलहूपुर, संवाददाता। बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज, परुइया आश्रम में आयोजित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में देव इंद्रावती कॉलेज ने विश्वविद्यालय आवासीय परिसर को निर्णायक सेट में 15-12 से हराकर खिताब जीता। मुकाबला तीन सेट तक चला और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, फुर्ती और आक्रामकता का प्रदर्शन किया। कप्तान भानु प्रकाश के नेतृत्व में उतरी देव इंद्रावती कॉलेज की टीम ने पहला सेट 25-22 से जीता, जबकि विश्वविद्यालय आवासीय परिसर ने दूसरा सेट 25-20 से जीतकर मुकाबले में वापसी की।
निर्णायक सेट में देव इंद्रावती कॉलेज ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। धीरज यादव के नेतृत्व वाली विश्वविद्यालय आवासीय परिसर की टीम उपविजेता रही। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने बीएनकेबी पीजी कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि विश्वविद्यालय आवासीय परिसर ने केएनआई सुल्तानपुर को पराजित किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव, महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक महंत देवेंद्र दास और प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पांडेय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करते हैं। आयोजन सचिव डॉ. कुलदीप सिंह ने अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया। उक्त अवसर पर उप प्राचार्य पवन कुमार गुप्त,डॉ सत्येंद्र कुमार यादव,क्रीडा पर्यवेक्षक डॉ सूरज प्रसाद,प्रो. पूनम जोशी,डॉ सत्य प्रकाश पांडेय,अनिल केसरी समेत अन्य मौजूद रहे।

