पांच माह बाद भी टांडा कलवारी पुल मरम्मत कार्य पूरा नहीं हुआ
Ambedkar-nagar News - सद्दरपुर में टांडा कलवारी पुल की मरम्मत में देरी के कारण ठेकेदारों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। पुल का कार्य तीन माह की निर्धारित समय सीमा के बाद भी अधूरा है। चार पहिया वाहनों से कई सौ रुपये और पैदल यात्रियों से 20 रुपये प्रति सवारी की वसूली की जा रही है। प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

सद्दरपुर, संवाददाता। टांडा कलवारी पुल की मरम्मत का सरकारी समय बीत जाने व तीन माह का समय अधिक लगने के बाद भी एएनएचआई द्वारा निर्धारित कम्पनी कार्य पूर्ण नहीं कर सकी। टांडा कलवारी पुल की मरम्मत अब जनसुविधा नहीं बल्कि ठेकेदार के लिए कमाई का जरिया बनती जा रही है। ‘जितनी देरी, उतना फायदा’ की कहावत इस पुल पर पूरी तरह चरितार्थ हो रही है। पुल मरम्मत कार्य 11 सितम्बर से शुरू होकर दो माह में पूरा होना था लेकिन पांच माह का समय बीत जाने के बावजूद कार्य अभी तक अधूरा है। इस दौरान पुल से आवागमन प्रतिबंधित है इसके बावजूद भी ठेकेदार द्वारा अवैध वसूली का खेल खुलेआम चल रहा है।
लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ठेकेदार व पुलिस की मिलीभगत से चार पहिया वाहनों को सैकड़ों रुपये लेकर टांडा से बस्ती की ओर निकाला जा रहा है। वहीं, निजी तौर पर लगाए गए दो पहिया संचालकों के द्वारा पैदल यात्रियों से मात्र पुल पार कराने के लिए प्रति सवारी 20 रुपए की अवैध वसूली की जा रही है। यह पुल अम्बेडकरनगर और बस्ती ही नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण शहरों गोरखपुर, संत कबीर नगर, महाराजगंज समेत कई जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ताक पर रखकर पुल को निजी कमाई का अड्डा बना दिया गया है। इस सम्बंध में सोशल मीडिया पर कई वीडियो/आडियो भी वायरल है, हालांकि हिन्दुस्तान उक्त वीडियो/आडियो की पुष्टि नहीं करता है। हैरानी की बात यह है कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति का राग अलापने वाले प्रशासन ने अब तक इस प्रकरण का संज्ञान नहीं लिया है। न तो अवैध वसूली करने वाले ठेकेदार/पुलिस पर कोई कार्रवाई हुई और न ही मरम्मत कार्य में हो रही देरी पर ठेकेदार के विरुद्ध कोई लिखा पढ़ी हुई। ‘पुल की मरम्मत के समय में चार पहिया वाहन चलने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा कुछ चल रहा है तो वह उसे तत्काल बंद कराएंगे।’ भूपेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक, अलीगंज
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



