मजदूरी करने अकबरपुर आ रहे मजदूर को पिकअप ने रौंदा
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक मजदूर, चौथी राम, साइकिल चलाते समय तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर मौके पर ही मृत हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपी ड्राइवर की...

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर मार्ग पर स्थित सम्मोपुर चौराहे के पास पिकअप की चपेट में आने से साइकिल सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस पिकअप वाहन की तलाश में जुटी रही, लेकिन शाम तक कोई पता नहीं चला। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पीपरपुर निवासी चौथी राम (50) सुबह साइकिल से काम के सिलसिले में अकबरपुर आ रहे थे। वह अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर मार्ग पर सम्मोपुर चौराहे के पास ही पहुंचे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार से आ रही पिकप वाहन की चपेट में आ गए, जिससे वह वहीं गिर गए।
दुर्घटना को देखकर आस पास के लोग जुट गए और इसकी सूचना तत्काल अकबरपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस ने चौथीराम को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं ड्राइवर पिकप वाहन लेकर भागने में सफल रहा। उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। गांव वालों ने बताया कि चौथीराम प्राय: मजदूरी के लिए अकबरपुर आते थे। परिवार वालों को यह नहीं पता था कि आज घर से निकलने के बाद वह दोबारा वापस घर नहीं लौटेंगे। परिजनों का इस घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और गांव के लोगों का जमावड़ा लगा रहा। प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर कोतवाली श्रीनिवास पांडे ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




