अशरफपुर मजगवां में रास्ते पर बालू बिछाकर कर दिया इंटरलॉकिंग कार्य
Ambedkar-nagar News - जलालपुर में क्षेत्र पंचायत के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में ठेकेदारों द्वारा अनियमितताएं सामने आई हैं। मानकों का पालन न करते हुए घटिया गुणवत्ता का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

जलालपुर, संवाददाता। खंड विकास अधिकारी की कथित उदासीनता के चलते क्षेत्र पंचायत के तहत हो रहे निर्माण कार्य में ठेकेदारों की ओर से कराए जा रहे नाली, सड़क, इंटरलॉकिंग समेत अन्य निर्माण कार्यों में जमकर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। मानकों को ताक पर रखकर घटिया गुणवत्ता का कार्य कराए जाने से सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लग रहे हैं। जलालपुर ब्लाक के अशरफपुर मजगवा स्थित राजाराम डिग्री कॉलेज के पास कराए जा रहे सड़क इंटरलॉकिंग कार्य में भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार होती दिखाई दे रही हैं। मौके पर इंटरलॉकिंग का कार्य सीधे मिट्टी पर ही सफेद बालू डालकर पूरा कर दिया गया।
जबकि मानक के अनुसार सड़क को पहले समतल कर पत्थर के बोल्डर बिछाए जाते हैं, उसके बाद बालू डालकर इंटरलॉकिंग कराई जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार ने नियमों को दरकिनार करते हुए खाली जमीन पर ही सफेद बालू बिछाकर इंटरलॉकिंग का कार्य करा दिया। इतना ही नहीं, सड़क के दोनों ओर लगाए जाने वाले बॉर्डर में भी निम्न गुणवत्ता के पीले ईंट का प्रयोग किया गया है। सरकारी धन का होगा नुकसान:बताया जाता है कि मार्ग का निर्माण एक निजी व्यक्ति को लाभ पहुंचाने की नियत से किया गया है और यह सड़क उसकी निजी भूमि में बनाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे घटिया निर्माण कार्य जल्द ही क्षतिग्रस्त हो जाएंगे और सरकारी धन का नुकसान होगा। स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मानक के अनुरूप करते जाने की मांग की है। अधिकारी बोले--‘मामले में जेई को जांच के लिए निर्देशित किया गया है। जांच सही पाए जाने पर पूरे इंटरलॉकिंग को उखड़वा कर मानक के अनुरूप कार्य कराया जाएगा। क्षेत्र पंचायत में हो रहे सभी कार्यों के जांच के लिए निर्देशित किया गया है।’ दिनेश राम, खंड विकास अधिकारी जलालपुर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




