ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत डीएम से

ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत डीएम से

संक्षेप:

Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर के विकासखंड बसखारी के ग्राम पंचायत बेला परसा में हिंदू जागरण मंच के जिलामंत्री शैलेंद्र श्रीवास्तव ने प्रधान पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायत दी है और ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की जांच की मांग की है। आरोप है कि 5 लाख से अधिक रुपए बिना काम के निकाले गए हैं।

Dec 11, 2025 10:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। विकासखंड बसखारी के ग्राम पंचायत बेला परसा निवासी हिंदू जागरण मंच के जिलामंत्री व आरटीआई कार्यकर्ता शैलेंद्र श्रीवास्तव ने अपनी ग्रामसभा में प्रधान पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने कमेटी बनाकर ग्राम पंचायत में हुए विकास के कार्यों और उसके सापेक्ष निकाले गए धन की जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान की मिली भगत से ग्राम पंचायत में इंडिया मार्का हैंड पंप की मरम्मत के नाम पर पांच लाख से अधिक रुपए निकल गए हैं, जबकि जमीन पर कोई काम नहीं हुआ है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसके अलावा नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग और अमृत सरोवर का काम अधो मानक करते हुए 15 लाख से अधिक धनराशि आहरित की गई है, जिसमें काम का नाम और कार्यस्थल का उल्लेख भी नहीं किया गया है। इसके अलावा पूर्व प्रधान के कार्यकाल में हुए नाली निर्माण को मौजूदा प्रधान ने चौहद्दी बदलकर दुबारा पैसा निकाल लिया है। इसी तरह पंचायत भवन के शौचालय में प्लंबरिंग व अन्य काम दिखा कर लाखों का भुगतान ले लिया गया है। काली का चौरा पर मिट्टी पटाई का काम दिखा कर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है। इसी तरह गांव में पूर्व में बने अमृत सरोवर की सीढ़ी की मरम्मत और इंटरलॉकिंग का काम दिखाकर आठ लाख से अधिक का भुगतान ले लिया गया है। कमोवेश इसी तरह का आरोप विकासखंड बसखारी की ग्राम पंचायत देवहट के प्रधान पर भी लगाते हुए शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र सौंप कर कमेटी बनाकर ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की जांच की मांग की है।