गांवों को जोड़ने वाले तमसा नदी पर पक्के पुल के निर्माण की जरूरत

हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
Follow us on Google News
share

सैदापुर: रामनगर नरसिंहपुर और अमौली मोहद्दीनपुर के बीच तमसा नदी पर पक्के पुल का निर्माण आज तक नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने निजी खर्च पर अस्थायी पुल बनाया है, लेकिन यह जोखिम भरा है। स्थाई पुल निर्माण की मांग की जा रही है, जबकि प्रशासन ने बजट का प्रस्ताव भेजा है।

गांवों को जोड़ने वाले तमसा नदी पर पक्के पुल के निर्माण की जरूरत

सैदापुर, संवाददाता। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के रामनगर नरसिंहपुर और अमौली मोहद्दीनपुर के बीच बहने वाली तमसा नदी पर पक्के पुल का निर्माण आज तक नहीं हो सका है। इसका खामियाजा आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के हजारों ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। आजादी के 78 वर्ष बाद भी यह बुनियादी समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता साफ झलकती है। आवागमन की गंभीर समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अंतत: खुद ही समाधान निकालते हुए निजी खर्चे से बांस-बल्ली का अस्थायी पुल तैयार कर लिया है। इसी जुगाड़ पुल के सहारे लोग पैदल और साइकिल से नदी पार करने को मजबूर हैं। किसानों और मजदूरों के लिए यह पुल जीवनरेखा साबित हो रहा है, क्योंकि उनके लिए दूसरे गांवों तक पहुंचने का यही एकमात्र साधन है। हालांकि यह अस्थायी पुल बेहद जोखिम भरा है। गर्मी और सर्दी के मौसम में ग्रामीण अपनी जान हथेली पर रखकर इस पुल को पार करते हैं, लेकिन बरसात में जब तमसा नदी उफान पर होती है, तब यह पुल पूरी तरह बेकार हो जाता है। ऐसे में लोगों को 7 से 8 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर दूसरे रास्तों से आवागमन करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की भारी हानि होती है। ग्रामीणों के अनुसार, इस जुगाड़ पुल से गुजरते समय कई बार साइकिल और बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। बावजूद इसके मजबूरी में लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं。

स्थाई पुल निर्माण की मांग

ग्रामीण विकास सिंह, शैलेश पटेल, राज मंगल पाठक, सुधीर यादव, शिवम शर्मा ने बताया कि यदि तमसा नदी पर पक्का पुल बन जाए तो क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और दूरी भी काफी कम हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों ने कई बार आश्वासन दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थाई पुल निर्माण की मांग की है।

सरकारी प्रस्ताव

रोहित अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, सेतु निगम अयोध्या ने कहा कि तमसा नदी पर अमौली मोहद्दीनपुर व रामनगर नरसिंहपुर के बीच पक्के पुल के निर्माण के लिए 1590.86 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से बजट मिलते ही पुल का निर्माण शुरू कराया जाएगा।’

प्रश्न और उत्तर

तमसा नदी पर पुल का निर्माण क्यों नहीं हुआ?
अकबरपुर तहसील क्षेत्र के रामनगर नरसिंहपुर और अमौली मोहद्दीनपुर के बीच पक्के पुल का निर्माण आज तक नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।