
खिचड़ी स्नान पर्व के बाद पूर्वांचल के प्रसिद्ध गोविंद साहब मेले का समापन
Ambedkar-nagar News - देवरिया में 29 नवंबर से चल रहे गोविंद साहब मेले का गुरुवार को समापन हुआ। पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों को परिसर खाली करने का निर्देश दिया। मेले की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन बाद में भीड़ बढ़ी। नृत्य-संगीत पर प्रतिबंध के कारण व्यापारी प्रभावित हुए। मेला समिति ने प्रशासन की मनमानी पर चिंता जताई।
देवरिया बाजार, संवाददाता। बीते 29 नवंबर से अनवरत चल रहे पूर्वांचल के ऐतिहासिक गोविंद साहब मेले का अपनी खट्टी मीठी यादों व खिचड़ी स्नान पर्व के बाद गुरुवार को समापन हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामदेव ने देर शाम मेला समापन की औपचारिक घोषणा करते हुए मेले से दुकानदारों को परिसर खाली करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को हटाए जाने का निर्देश दिया है। लगभग डेढ़ महीना से अधिक समय तक चलने के पश्चात मेला गोविंद साहब अंतत: समाप्त हो गया। गोरखपुर से आने वाले दुकानदार वहां खिचड़ी मेला शुरू हो जाने से पिछले हफ्ते ही मेले से अपनी दुकानें समेट ले गए थे।
अन्य जनपदों से आए दुकानदार भी अब अपनी दुकानों को समेटना शुरू कर दिए हैं। मेला व्यवसाईयों की मानें तो इस बार मेले की शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन सहालग का सीजन समाप्त होने के बाद क्षेत्रीय भीड़ से गुलजार हुआ मेला धीरे-धीरे रंगत में आने लगा। मेला समिति के लोगों का आरोप है कि प्रशासन व कुछ जनप्रतिनिधियों की मनमानी के कारण मेले में नृत्य संगीत पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिसका सीधा असर मेला व्यवसाइयों पर पड़ा। रात्रि के समय चलने वाला मेला पूरी तरह से इस बार ठप रहा। इससे क्षेत्रीय गन्ना किसान व मेले के लिए तैयार किए मिट्टी के बर्तन कंडी पुआल आदि बेचने वाले क्षेत्रीय लोगों का भारी नुकसान हुआ। मेला समिति अध्यक्ष भौमेंद्र सिंह पप्पू ने बताया कि महात्मा गोविंद साहब की तपोस्थली पर लगने वाला पूर्वांचल के ऐतिहासिक मेले की गरिमा को धूमिल करने का कुछ लोगों द्वारा कुत्सित प्रयास किया जा रहा है जिसे सफल होने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी मेले में प्रशासन द्वारा मेले से संबंधित सभी अनुमति समय से पहले प्रदान किए जाने के बाद ही मेला संचालन कराया जाएगा अन्यथा मेले को पूरी तरह से बंद करा दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




