ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश अंबेडकर नगरतानाशाह हो गई भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार: जयंत चौधरी

तानाशाह हो गई भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार: जयंत चौधरी

टांडा। हिन्दुस्तान संवाद राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि देश...

तानाशाह हो गई भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार: जयंत चौधरी
हिन्दुस्तान टीम,अंबेडकर नगरMon, 15 Mar 2021 07:31 PM
ऐप पर पढ़ें

टांडा। हिन्दुस्तान संवाद

राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में 109 दिनों से चल रहे किसान आंदोलन की कोई सुधि अब तक भाजपा सरकार ने नहीं ली है, जबकि किसान बिल से किसान कराह रहा है। वे सोमवार को टांडा के इनामीपुर बाग में पार्टी की तरफ से आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा सरकार को निशाने पर रखा।

पूर्व शिक्षा मंत्री एवं रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद के संयोजन में आयोजित किसान महापंचायत में लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि डा. लोहिया कहा करते थे कि जब सड़कें सूनसान होंगी तो संसद आंवारा हो जाएगी। वे बोले कि केरल में जब किसानों ने आंदोलन किया तो लोहिया अपनी ही सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल कर सामने आ गए थे। चौधरी चरण सिंह किसान व जनहित में हमेशा इस्तीफा देने के लिए तैयार रहते थे, लेकिन यह सरकार इतनी शर्मनाक है कि किसानों की मांग तो पूरा करना छोड़ दें, किसान के बीच पहुंच कर उनकी मांग को सुनना भी इसे गंवारा नहीं समझा है। वे बोले अपना तानाशाही हर फैसला जनता पर भाजपा सरकार थोपती है। मजदूरों को परदेश छोड़कर जाने का फैसला सरकार चंद घंटों में ले लेती है और जब किसान लम्बे समय तक अपनी मांग के लिए आन्दोलन चलाता है तो सरकार को किसानों की आवाज सुनाई नहीं पड़ती। मोदी सरकार को अहंकारी सरकार बताते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि इस सरकार ने अब तक के सारे रिकार्ड तोड़ दिये हैं। आज किसानों की समस्याएं देश की बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। वे बोले कि यह दुर्भाग्य है कि एमबीए डिग्री धारक चपरासी की नौकरी के लिए लाइन लगाता दिख रहा है। योगी सरकार पर भी वे जमकर बरसे। कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने पहले कहा था कि वे पांच साल में 70 लाख लोगों को नौकरी देंगे, अभी दो दिनों पहले के बयान में अपना ही बयान पलट कर बोले कि चार साल में चार लाख लोगों को नौकरी का वादा है।

मथुरा किसान महापंचायत के पहले ही दिखा गठबंधन:

तीन दिनों बाद आगामी 19 मार्च को मथुरा की किसान पंचायत में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व रालोद के उपाध्यक्ष जंयत चौधरी एक मंच पर होंगे। इस किसान पंचायत के पहले टांडा में होने वाली किसान महापंचायत में भी सपा व रालोद साथ-साथ नजर आए। कद्दावर व तमाम खास सपा व रालोद के नेता यहां एक मंच पर दिखे। रालोद के सरीके नेता दिल्ली से आए त्रिलोक त्यागी, बस्ती राजा ऐश्वर्य राज सिंह, पूर्व विधायक शिवकरन सिंह, रालोद प्रवक्ता अनुपम मिश्र, गंगा सिंह शंखवार, खुर्शीद अहमद अंसारी, राजकुमार गूजर, आरिफ महमूद, पूर्व विधायक वीर पाल राठी, किरन सिंह, ममता, रमावती तिवारी, जीतेन्द्र सिंह, चौधरी राम सिंह, अम्बुज पटेल के अलावा रालोद जिलाध्यक्ष वासुदेव वर्मा, त्रिभुवन वर्मा, इंजी. अरशद खान, मोहम्मद शाहिद, शकील खां के साथ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामशकल यादव, पूर्व मंत्री गोपी नाथ पटेल, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा, मुजीब अहमद सोनू, कसीम अशरफ, संदीप यादव, मो. अशरफ, जंग बहादुर यादव व अन्य किसान महापंचायत के मंच पर ही नहीं रहे, बल्कि इन्होंने किसानों के समर्थन में सम्बोधन भी किया।

प्रशासन ने ली राहत की सांस:

रालोद के किसान महापंचायत होने की अनुमति प्रशासन ने लिखित तौर पर नहीं दी थी। रालोद के नेता किसान पंचायत को हर हाल में करना चाह रहे थे, इसे लेकर पुलिस व प्रशासन यहां काफी मुस्तैद रहा। किसान महापंचायत में अच्छी भीड़ भी जुटी, इसे देखते हुए प्रशासन काफी चुस्त-दुरुस्त रहा। टांडा उपजिलाधिकारी अभिषेक पाठक व सीओ संतोष कुमार कमान संभाल कर किसान पंचायत स्थल पर कैम्प किए हुए थे। कई थानों की भारी पुलिस फोर्स एहतियात के तौर पर मौजूद रही। शांतिपूर्वक किसान पंचायत निपट जाने पर प्रशासन ने राहत भरी सांस ली।

अटेवा पेंशन बचाओ मंच ने ज्ञापन दिया:

अटेवा पेंशन बचाओ मंच के जिला संयोजक शीतला प्रसाद मिश्र और हरिकिशोर सिंह की अगुवाई में जयंत चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया। पुरानी पेंशन बहाली कराए जाने की मांग की। जयंत चौधरी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें