भाजपा सरकार में हुआ पिछड़े वर्ग के लोगों का सम्मान: शिवनायक
अम्बेडकरनगर संवाददाता केंद्र और प्रदेश में जब जब भाजपा की सरकार बनी है तब
अम्बेडकरनगर संवाददाता
केंद्र और प्रदेश में जब जब भाजपा की सरकार बनी है तब तक पिछड़े वर्ग के लोगों का कल्याण हुआ है। आधुनिक भारत के शिल्पी सरदार वल्लभ भाई पटेल को भारत रत्न का सम्मान भाजपा के राज में ही मिला था।
उक्त बातें भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा शिव नायक वर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय पर मंगलवार को पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यसमिति की बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में मोदी सरकार के अंदर 27 मंत्री पिछड़े वर्ग के हैं जोकि पूरे मंत्रियों की संख्या की 35% होता है। इतना ही नहीं देश को आजाद हुए 74 साल बीत गए परंतु आज तक पिछड़ा वर्ग के लोगों को मेडिकल शिक्षा में आरक्षण नहीं मिल पाया था परंतु प्रधानमंत्री ने नीट में 27% का आरक्षण दिया है जोकि चिकित्सा शिक्षा में मील का पत्थर साबित होगा। वरिष्ठ नेता शिव नायक वर्मा ने कहा कि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ में पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए बहुत सी योजनाएं चलाकर उनके जीवनस्तर में परिवर्तन करने का सराहनीय कदम उठाया है जो अपने आप में एक उपलब्धि है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से पिछड़ा वर्ग समुचित सम्मान पा रहा है जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण अभी हाल में हुए मंत्रिमंडल के विस्तार में सात में से चार पिछड़ा वर्ग को मिला है। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि हम लोगों का सौभाग्य है कि हम लोग विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के सदस्य हैं इसलिए हमारा यह कर्तव्य बनता है भारत की खोई हुई प्रतिष्ठा को स्थापित करने के लिए 2022 में भाजपा की सरकार बनाने के लिए जी जान से जुट जाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजेश कुमार चौहान ने अतिथियों का आभार जताया। जिला महामंत्री रमेश यादव के संचालन में हुई बैठक में पिछड़ा वर्ग के पदाधिकारी, मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री मौजूद रहे।