आर्य समाज टांडा का वार्षिकोत्सव आज से, तैयारियां पूरी
Ambedkar-nagar News - आर्य समाज टांडा का 134वां वार्षिकोत्सव मंगलवार से 7 नवंबर तक मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आरंभ वैदिक यज्ञ और ध्वजारोहण से होगा। इसमें शोभायात्रा, भजनोपदेश, आध्यात्मिक प्रवचन और महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। अंतिम सत्र में आर्य विद्वानों का सम्मान समारोह और भजन संध्या होगी।

टांडा, संवाददाता। आर्य समाज टांडा का 134वां वार्षिकोत्सव मंगलवार से सात नवंबर तक मनाया जाएगा। डीएवी एकेडमी परिसर से मंगलवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी। वार्षिकोत्सव में प्रमुख आर्य विद्वान प्रवचन करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार की सुबह वैदिक यज्ञ और ध्वजारोहण समारोह के साथ होगा। इसके पश्चात नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आर्य समाज के कार्यकर्ता, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज एवं डीएवी एकेडमी विद्यालय के छात्र-छात्राएं और श्रद्धालु भाग लेंगे। वार्षिकोत्सव में प्रतिदिन प्रात: भजनोपदेश और आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वैदिक विद्वान मानव जीवन में सत्य, करुणा और धर्म के महत्व पर प्रकाश डालेंगे।
बुधवार को आर्य समाज सादृ शताब्दी के अवसर पर विशेष आयोजन एवं दूसरे पहर आर्य सिद्धांत सम्मेलन आयोजित है। छह नवम्बर को सत्यार्थ प्रकाश पाठ एवं समाज सुधार सम्मेलन का विशेष आयोजन होगा, जहां समाज में व्याप्त कुरीतियों और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को मिटाने के संदेश दिए जाएंगे। वहीं दूसरे पहर महिला सम्मेलन में नारी शक्ति, शिक्षा और संस्कार विषयों पर सारगर्भित वक्तव्य प्रस्तुत किए जाएंगे। अंतिम सत्र में मीना आर्य धर्मार्थ न्यास के तत्वावधान में आर्य विद्वानों का विशेष सम्मान समारोह एवं भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसके पश्चात शांति पाठ के साथ वार्षिकोत्सव का समापन किया जाएगा। वार्षिकोत्सव को सफल बनाने के लिए प्रधान आनंद कुमार आर्य प्रधान, मंत्री योगेन्द्र कुमार आर्य, कोषाध्यक्ष डॉ अरुण कुमार आर्य, संयुक्त मंत्री राकेश कुमार आर्य समेत अन्य पदाधिकारी लगे हुए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


