Ambedkar Nagar News: कर्बला के शहीदों की याद में निकाला गया जुलूस
Ambedkar Nagar News: सैदापुर में कर्बला के 72 शहीदों की याद में वार्षिक जुलूस-ए-बयादे असीराने कर्बला का आयोजन किया गया। मौलाना सैयद मोहम्मद हसन कुम्मी सहित कई मौलवियों ने मजलिस में कर्बला के दर्दनाक वाकिये का जिक्र किया, जिससे उपस्थित लोग भावुक हो गए। अंत में शांति और भाईचारे की दुआ की गई।
Ambedkar Nagar News: सैदापुर, संवाददाता। कर्बला के 72 शहीदों की याद में जारी अजादारी के तहत गौरा मोहम्मदपुर में अंजुमन सिपाहे अब्बास के बैनर तले वार्षिक जुलूस-ए-बयादे असीराने कर्बला गमगीन माहौल में निकाला गया। जुलूस से पूर्व मजलिस को संबोधित करते हुए मौलाना सैयद मोहम्मद हसन कुम्मी ने कर्बला के दर्दनाक वाकये को बयान कर उपस्थित अकीदतमंदों की आंखें नम कर दीं। कहा कि हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम ने अपने पूरे कुनबे की कुर्बानी देकर दीन-ए-इस्लाम को हमेशा के लिए जिंदा रखा और इंसानियत को सत्य, न्याय व सब्र का संदेश दिया। जुलूस में अंजुमन हुसैनिया जाफराबाद जलालपुर, सिपाहे हुसैनी भनौली सादात सुल्तानपुर, रौनके इस्लाम मुस्तफाबाद जलालपुर, अंजुमन हैदरी सांखनी बुलंदशहर सहित मुकामी अंजुमन सफीरे नासेरुल अजा तथा अंजुमन सिपाहे अब्बास के सदस्यों ने नौहाख्वानी और मातम के जरिए शहीदाने कर्बला को खिराजे अकीदत पेश किया।
या हुसैन- या अब्बास की सदाओं से माहौल पूरी तरह गमगीन बना रहा। जुलूस के दौरान मौलाना मुशीर अब्बास, मौलाना बेलाल हसनैन, मौलाना मोहम्मद शोजब तथा मौलाना नूरुल हसन रिजवी ने तकरीर करते हुए कर्बला के पैगाम को विस्तार से बयान किया। संचालन मीर तालिब अब्बास ने किया। अंत में शहीदाने कर्बला की याद में दुआ कर अमन, भाईचारे और मुल्क की तरक्की की कामना की गई।


