Ambedkar Nagar News: यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों के आवेदन के लिए बने 12 अग्रसारण केंद्र
Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 12 विद्यालयों को आवेदन पत्रों के अग्रसारण केंद्र के रूप में नामित किया है। संबंधित प्रधानाचार्यों को अग्रसारण अधिकारी नियुक्त किया गया है। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को स्वयं उपस्थित होकर आवेदन देना अनिवार्य होगा।

Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर, संवाददाता। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों के अग्रसारण केंद्रों के लिए जनपद के 12 राजकीय और ऐडेड माध्यमिक विद्यालयों को नामित किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने आदेश जारी करते हुए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अग्रसारण अधिकारी नियुक्त किया है। आदेश में कहा गया है कि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर निर्धारित यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों से निर्धारित शुल्क लेकर उसकी रसीद देना अनिवार्य होगा। शासनादेश के विपरीत किसी भी आवेदन का अग्रसारण नहीं किया जाएगा, अन्यथा इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अग्रसारण अधिकारी की होगी।
डीआईओएस ने कहा है कि केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जो स्वयं अग्रसारण केंद्र पर उपस्थित होंगे। किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से आवेदन अग्रसारण नहीं किए जाएंगे।जीआईसी अकबरपुर में कक्षा 10 और 12 के केवल बालकों का होगा अग्रसारण: जिले में कुल 12 विद्यालयों को अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा से संबंधित आवेदन पत्र, अभिलेख और अन्य आवश्यक कार्य संपादित किए जाएंगे। डीआईओएस कौस्तुभ कुमार सिंह की तरफ से जारी सूची के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर को कक्षा 10 एवं 12 के केवल बालक परीक्षार्थियों के लिए अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर को केवल हाईस्कूल की छात्राओं तथा पत्राचार से जुड़े कार्यों के लिए नामित किया गया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कुर्कीबाजार, टांडा, तेंदुआईकला, आलापुर, जलालपुर और भीटी सहित कई विद्यालयों को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मिश्रित का (बालक एवं बालिका) अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज ईंधना और राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज जाफरगंज को भी मिश्रित अग्रसारण केंद्र के रूप में शामिल किया गया है। वहीं बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर तथा एचटी इंटर कॉलेज टांडा को केवल पत्राचार संबंधी कार्यों के लिए अधिकृत किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


