ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशसावनी रंग में रंगी अनोखियों ने बिखेरा जलवा

सावनी रंग में रंगी अनोखियों ने बिखेरा जलवा

सावन में आसमान में छाए बादल और बहती ठंडी हवाओं के बीच पारंपरिक तीज का पर्व भी दस्तक दे रहा है। पर्व से पूर्व तीज की खुशियों को साझा करने के लिए मंगलवार को हिन्दुस्तान अनोखी क्लब का 79वां आयोजन धूमधाम...

सावनी रंग में रंगी अनोखियों ने बिखेरा जलवा
हिन्दुस्तान टीम,इलाहाबादTue, 30 Jul 2019 08:40 PM
ऐप पर पढ़ें

सावन में आसमान में छाए बादल और बहती ठंडी हवाओं के बीच पारंपरिक तीज का पर्व भी दस्तक दे रहा है। पर्व से पूर्व तीज की खुशियों को साझा करने के लिए मंगलवार को हिन्दुस्तान अनोखी क्लब का 79वां आयोजन धूमधाम से किया गया।

इस बार की थीम तीज होने से अनोखियां भी तीज के रंग में रंगी नजर आईं। हाथों में हरी-हरी चूड़ियां, मेहंदी से सजी हथेलियां और सावनी साड़ी में सजी शहर की अनोखियों ने कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लिया। साथ ही पैनलिस्टों ने तीज पर्व की परंपरा, खान-पान और परिधान से संबंधित जानकारी दी। इस मौके पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अनोखियों ने हुनर दिखाया और इनाम जीता। विजयी अनोखियों को पैनलिस्टों ने उपहार देकर सम्मानित किया। संचालन नूपूर कपूर ने किया।

पैनलिस्टों ने रखे विचार

अनोखी पैनलिस्ट आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में अंग्रेजी विभाग की एसो. प्रो. डॉ. ममता गुप्ता ने कहा कि सावन की रिमझिम फुहारों के बीच तीज पर्व का उल्लास बढ़ जाता है। महिलाओं को इस त्योहार का बहुत इंतजार रहता है। पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखकर महिलाएं महागौरी की पूजा-अर्चना करती हैं।आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में संगीत विभाग की असि. प्रो. पैनलिस्ट डॉ. रंजना त्रिपाठी ने कहा कि तीज महिलाओं के पर्व के ब्रांड एंबेसडर की तरह है। इसे पारंपरिक रूप से परिवार के साथ मनाया जाता है। तीज परिवार को एक सूत्र में पिरोने का पर्व है। सावन पर्व को खुशियों से भर देता है। महिलाएं मस्ती में डूब जाती हैं।

रैंप पर अनोखियों ने किया कैट वॉक

फैशन शो में अनोखियों ने रैंप पर खूब जलवा बिखेरा। पहले राउंड में 40 साल से ऊपर की अनोखियों ने भाग लिया। उसके बाद 20 से 40 वर्ष के बीच की अनोखियों ने अपने मोहक अदाओं से निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया। इसमें दिव्या कोचर, चंपा सिंह, मंजीता, सुनीता, रमा वर्मा, वंदना शर्मा, आभा सिंह, सावित्री, नीता रस्तोगी, सोनम यादव, सलोनी गुप्ता, रंजीता यादव, नीलम, उषा, किरन उपाध्याय समेत कई अनोखियों ने भाग लिया।

पिया मेहंदी लिया द मोती झील से....कजरी पर झूमी महिलाएं

फैशन शो के बाद गीत प्रतियोगिता में अनोखियों ने एक से बढ़कर एक कजरी प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। रीता ने घेरि-घेरि आयी सावन की बदरिया..., शशि त्रिपाठी ने ‘अरे रामा भींजति मोरि चुनरिया.. रंजना मिश्रा ने ‘हरे रामा सावन बीता जाय... प्रस्तुत कर भावविभोर कर दिया। रीता अग्रवाल, सरिता साहू, आभा सिंह, रीता राउत ने गीत प्रस्तुत किया। अनोखियों के उत्साहवर्धन के लिए पैनलिस्ट डॉ. रंजना त्रिपाठी ने ‘चाहे सइया रूठे चाहे जाये, सवनवा में न जइबै ननदी... और कजरी ‘पिया मेहंदी लिया द मोती झील से.... प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें