ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशइलाहाबाद से बंगलुरू की हफ्ते में छह दिन फ्लाइट

इलाहाबाद से बंगलुरू की हफ्ते में छह दिन फ्लाइट

बंगलुरू का सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है। बम्हरौली एयरपोर्ट से 15 नवम्बर से बंगलुरू के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही...

इलाहाबाद से बंगलुरू की हफ्ते में छह दिन फ्लाइट
हिन्दुस्तान टीम,इलाहाबादSun, 23 Sep 2018 01:31 PM
ऐप पर पढ़ें

बंगलुरू का सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है। बम्हरौली एयरपोर्ट से 15 नवम्बर से बंगलुरू के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस हफ्ते में छह दिन की उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। मंगलवार को छोड़कर हफ्ते में बाकी छह दिन बंगलुरू का सफर अब ढाई घंटे में किया जा सकेगा। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है।

इंडिगो एयरलाइंस ने बम्हरौली एयरपोर्ट से आखिरकार 15 नवम्बर से उड़ान शुरू करने का ऐलान कर दिया है। बंगलुरू के लिए 3,620 रुपये में टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। बंगलुरू से इलाहाबाद आने के लिए भी बुकिंग खुल गई है। मंगलवार के लिए बुकिंग नहीं ली जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस के बम्हरौली एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि मंगवार को छोड़कर बाकी छह दिन बंगलुरू की फ्लाइट बम्हरौली से उपलब्ध होगी। बंगलुरू से दोपहर 1:40 बजे फ्लाइट उड़ान भरेगी और 4:10 बजे बम्हरौली एयरपोर्ट पहुंचेगी। यहां आधे घंटे के ठहराव के बाद फ्लाइट शाम 4:40 बजे उड़ान भरेगी और 7:10 बजे बंगलुरू पहुंचेगी। इस तरह यात्री महज ढाई घंटे में इलाहाबाद से बंगलुरू पहुंच सकेंगे।

दिल्ली के रास्ते किराया और वक्त ज्यादा

यात्रियों को बंगलुरू के लिए इलाहाबाद से अभी ट्रेन ही एकमात्र सहारा है। फ्लाइट से बंगलुरू का सफर करने के लिए मुसाफिरों को यहां से दिल्ली और दिल्ली से बंगलुरू की फ्लाइट पकड़नी पड़ती थी। टुकड़ों में सफर करने से मुसाफिरों को किराया ज्यादा चुकाना होता था और सफर में 11 घंटे से ज्यादा वक्त लग जाता था।

एयरबस 320 चलाने की तैयारी

इंडिगो एयरलाइंस ने बंगलुरू के लिए एयरबस 320 चलाने की तैयारी की है। इंडिगो एयरलाइंस का विमान बड़ा होने से यात्रियों को टिकट उपलब्धता में भी कोई मुश्किल नहीं आएगी। ऐसे में इलाहाबाद से बंगलुरू की राह काफी सस्ती और आसान हो जाएगी। ट्रेन से एसी टू कोच में सफर पर भी यात्रियों को तीन हजार से अधिक खर्च करने होते हैँ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें