ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशनए पुल पर बाइक व सुसाइड नोट छोड़ सिपाही लापता

नए पुल पर बाइक व सुसाइड नोट छोड़ सिपाही लापता

नए यमुना पुल पर गुरुवार सुबह एक सिपाही की बाइक, मोबाइल व सुसाइड नोट मिलने से हड़कंप मच गया। कई पुलिस अफसर पुल पर पहुंचे। सुसाइड नोट में आत्महत्या करने की बात लिखी...

नए पुल पर बाइक व सुसाइड नोट छोड़ सिपाही लापता
हिन्दुस्तान टीम,इलाहाबादFri, 10 Aug 2018 11:59 AM
ऐप पर पढ़ें

नए यमुना पुल पर गुरुवार सुबह एक सिपाही की बाइक, मोबाइल व सुसाइड नोट मिलने से हड़कंप मच गया। कई पुलिस अफसर पुल पर पहुंचे। सुसाइड नोट में आत्महत्या करने की बात लिखी थी। देर शाम तक पुलिस यमुना में सिपाही तलाश करती रही, पर उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।

बांदा के कोतवाली स्थित क्यौटरा निवासी मकसूद खान का 30 वर्षीय बेटा फैजान खान 2015 बैच का सिपाही है और इस समय हाईकोर्ट की विशेष सुरक्षा में तैनात है। वह हाईकोर्ट पुलिस चौकी के ऊपर बैरक में रहता है। गुरुवार सुबह उसकी बाइक नए यमुना पुल पर 18 नम्बर पिलर के पास खड़ी मिली। बाइक की सीट पर मोबाइल व सुसाइड नोट रखा था। राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कुछ देर में पुलिस भी पहुंची। हाईकोर्ट विशेष सुरक्षा में सिपाही की तैनाती होने की जानकारी मिलने पर एसपी हाईकोर्ट सुरक्षा व इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह भी पहुंचे। दुसरी ओर एसपी यमुनापार दीपेन्द्र नाथ चौधरी, सीओ करछना रत्नेश सिंह व नैनी थाने की पुलिस पहुंची।

एक लड़की के ब्लैकमेलिंग की बात लिखी

बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में सिपाही ने लिखा है कि उसी के मोहल्ले की एक लड़की उसे ब्लैकमेल कर रही है। जिससे वह परेशान हो चुका है और आत्महत्या करने जा रहा है। पुलिस के अनुसार हाईकोर्ट विशेष सुरक्षा में तैनात उसके एक साथी ने बताया कि तीन रोज पहले उसी लड़की ने फैजान की बहन को फोन कर बताया था कि फैजान को संभालों वरना वह जान दे देगा। इसके अलावा उसने अपने एक साथी को भी आत्महत्या करने का मैसेज भेजा है।

कैंट थाने में जमा की थी रायफल

हाईकोर्ट विशेष सुरक्षा में तैनात जवान का असलहा कैंट थाने में रहता है। वह रोज सुबह नौ बजे असलहा लेते हैं और शाम पांच बजे के बाद जमा करते हैं। कैंट पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह फैजान अपनी रायफल ले गया और फिर शाम को जमा करने आया था। पर गुरुवार सुबह वह रायफल लेने नहीं पहुंचा। हालांकि ऐसी कोई चर्चा उसने नहीं की थी।

किसी ने नहीं देखा कूदते हुए

पुलिस का कहना है कि बुधवार को एक महिला नए पुल से कूदी थी। जिसकी तलाश में गुरुवार सुबह से भी गोताखोर जाल डालकर उसे ढूंढ रहे थे। उसके परिवारवाले भी वहां मौजूद थे। पुल पर लोगों की आवाजाही हो रही थी। ऐसे में अगर फैजान ने छलांग लगाई तो किसी ने देखा क्यों नहीं। एसपी यमुनापार ने बताया कि वह मोहल्ले की लड़की चैटिंग करता था, लेकिन आत्महत्या जैसा कुछ नहीं लग रहा है। एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें